Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के नकटी गांव में बड़ी बुलडोजर कार्रवाई, 80 से ज्यादा मकान ढहाए

रायपुर। रायपुर राजधानी क्षेत्र स्थित नकटी गांव में जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों को समझाने के साथ-साथ पुनर्वास प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक प्रभावित 75 परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिन्हें Naya Raipur के सेक्टर-30 स्थित EWS आवासों में बसाने की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था, जहां सरकार की ओर से विधायक कॉलोनी प्रस्तावित है। प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी और स्थायी दोनों प्रकार की आवासीय व्यवस्था की जा रही है। मकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी तेज़ कर दी गई है ताकि विस्थापित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।

80 से अधिक मकानों पर चला बुलडोजर

गांव में चल रही कार्रवाई के तहत अब तक 80 से ज्यादा मकानों को तोड़ा जा चुका है। मौके पर 20 से 25 जेसीबी मशीनें लगातार कार्रवाई में जुटी हैं। प्रशासनिक टीम घरों से सामान निकालकर वाहनों के जरिए सुरक्षित बाहर पहुंचाने का काम भी कर रही है।

गांव में लोगों की एंट्री पर रोक

बताया जा रहा है कि यह अभियान अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है। हालात को देखते हुए गांव में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर फिलहाल प्रतिबंध लगाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल्दबाजी में उनके घरेलू सामान वाहनों में भरकर बाहर ले जाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प

प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। मौके पर तैनात पुलिस बल और स्थानीय लोगों के बीच कई बार झड़प की स्थिति बनी। तनाव के दौरान कुछ लोगों ने बुलडोजर और एंबुलेंस पर पथराव भी किया, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

सरकार प्रभावितों की चिंता कर रही – विधायक अनुज शर्मा

इस मामले में विधायक Anuj Sharma ने कहा कि संबंधित जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी सरपंच से बातचीत हुई है और प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया गया है। विधायक ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों की चिंता कर रही है और पुनर्वास समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

यह भी पढ़े :- चरित्र पर संदेह से तंग आकर पत्नी ने पति को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार

Back to top button
error: Content is protected !!