YouTube Video देखकर पति ने घर पर कराई पत्नी की डिलीवरी, महिला की मौत
तमिलनाडु में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां यूट्यूब वीडियो देखकर पति ने अपनी पत्नी की घर पर ही डिलीवरी कराने की कोशिश की। इस दौरान महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रसव के दौरान हालत गंभीर होने पर महिला को पहले पेरुंदुरई सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे कोयंबटूर जिले के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में महिला को आईसीयू में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद महिला शशिकला की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही Tamil Nadu Police के उथुकुली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर पति कार्तिक और उसके परिवार के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हालत बिगड़ने के पीछे क्या कारण रहे।
यह घटना एक बार फिर बिना चिकित्सकीय निगरानी के घर पर प्रसव कराने के खतरों को उजागर करती है। सरकार लगातार अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने की सलाह देती रही है, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।



