लखनऊ की कोचिंग बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 15 की मौत, थंब लॉक बना मौत का जाल, छात्र-युवा बने हादसे का शिकार

Fire in Lucknow Coaching Centre: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। अलीगंज क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला इमारत में दोपहर करीब 2:15 बजे लगी आग में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। अधिकांश मृतक छात्र और युवा कर्मचारी बताए जा रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक आग जिस भवन में लगी, वहां निचले हिस्से में पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हो रहे थे, जबकि दूसरे तल पर लर्निंग स्पेस लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर समेत एक 3D एनीमेशन और गेमिंग स्टूडियो संचालित किया जा रहा था। आग फैलते ही भवन के भीतर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ सके।
यह भी पढ़ें:- दुल्हन का कथित आपत्तिजनक वीडियो दिखाने पर दूल्हे ने शादी से किया इंकार, आहत युवती ने खाया जहर, पढ़े पूरी खबर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलने के बाद कई छात्रों ने जान बचाने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। हालांकि धुएं का गुबार पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे कई लोगों का दम घुट गया। एक छात्र जयंत ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी। वहीं कुछ अन्य लोगों ने बिजली और संचार तारों के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि कम से कम पांच लोग इसी तरह बाहर निकल पाए। हादसे में जान गंवाने वाले 23 साल के सुखमणि सिंह के दोस्त यश ने गंभीर खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि सुखमणि पिछले चार सालों से 3D एनीमेशन कंपनी में काम कर रहे थे। यश ने बताया कि कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार थंब इंप्रेशन सिस्टम से संचालित होता था। आग लगने के बाद गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गया और उसे समय पर नहीं खोला जा सका। इससे कई लोग भीतर ही फंस गए और हादसा और भयावह हो गया।

इमरजेंसी एग्जिट नहीं, जांच में बड़े खुलासे की संभावना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं थी। अधिकारियों का मानना है कि अगर वैकल्पिक निकास मार्ग होता तो बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती थी। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती आशंका बेसमेंट में लगे एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। आग तेजी से ऊपर के फ्लोर तक पहुंची और कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं और लपटों से घिर गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। आग और धुएं के कारण अंदर प्रवेश करना मुश्किल था। ऐसे में बचाव दल ने पड़ोसी मकान की ओर से भवन की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। फायरकर्मियों ने कई लोगों को बाहर निकाला, लेकिन कई लोग तब तक दम तोड़ चुके थे। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। (Fire in Lucknow Coaching Centre)

घटनास्थल पर कम पड़ी एम्बुलेंस
करीब 10 दमकल वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा और एहतियातन फ्लड लाइटें भी मंगाई गईं, ताकि रात में भी तलाशी अभियान चलाया जा सके। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआती समय में घटनास्थल पर घायलों और मृतकों को ले जाने के लिए पर्याप्त एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं थीं। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि चारों ओर चीख-पुकार मची हुई थी। कई लोग बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए खिड़कियों और बालकनियों से मदद मांग रहे थे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक हादसे का मंजर देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने शवों को निकलते देखा है और यह बेहद दर्दनाक घटना है। (Fire in Lucknow Coaching Centre)
मुख्यमंत्री योगी पहुंचे, राजनाथ सिंह भी आएंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दिल्ली से लखनऊ रवाना हुए और घटनास्थल का दौरा करने की जानकारी सामने आई। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घायलों का इलाज भी जारी है। पोस्टमार्टम हाउस लाए गए शुरुआती शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अब तक जिन लोगों की पहचान सामने आई है, उनमें सागर (27), नीलेश (27), अनामिका (28), श्याम (30), अनुचा (25), सोमलया (30), सुखमणि सिंह (23) और शहजान उमर (19) शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन अन्य मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा है। (Fire in Lucknow Coaching Centre)
भवन मालिक और नक्शे की भी जांच
जानकारी के मुताबिक जिस भवन में आग लगी वह वीरेंद्र शुक्ला की भूमि पर निर्मित है। बताया जा रहा है कि उनका संबंध रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (RITM) से है। भवन का नक्शा धीरेंद्र शुक्ला और सुरेंद्र शुक्ला के नाम से स्वीकृत हुआ था। अब जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और सुरक्षा प्रमाणपत्र मौजूद थे या नहीं। लखनऊ अग्निकांड ने एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या भवन में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था थी? इमरजेंसी एग्जिट क्यों नहीं था? थंब इंप्रेशन लॉक जैसी व्यवस्था आपदा के समय जानलेवा कैसे बन गई? क्या कोचिंग और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भवन को वैधानिक अनुमति प्राप्त थी? अगर शॉर्ट सर्किट हुआ तो अग्निशमन उपकरण क्यों काम नहीं आए? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएंगे, लेकिन फिलहाल लखनऊ का यह अग्निकांड कई परिवारों के लिए जीवनभर का दर्द बन गया है।



