बिलासपुर में राजनीतिक दुश्मनी में सरेआम फायरिंग, कांग्रेस के निष्कासित नेता ने रची साजिश

Firing in Bilaspur: राजनीतिक वर्चस्व की जंग में बिलासपुर की सियासत एक बार फिर गोलियों की जद में आ गई। कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के ऑफिस पर अंधाधुंध फायरिंग हुई। पुलिस ने 24 घंटे में पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुख्य साजिशकर्ता कांग्रेस का निष्कासित युवा नेता विश्वजीत अनंत है। उसने राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह की हत्या की साजिश रची गई थी।
यह भी पढ़ें:- बीजापुर में 51 और कांकेर में 21 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता, मुख्यधारा में हुई वापसी
घटना 28 अक्टूबर की शाम मस्तूरी क्षेत्र में हुई। जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी नकाबपोश बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 14 राउंड फायरिंग की। बचाव में नीतेश सिंह ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर भाग निकले। इस गोलीबारी में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह के पैर में गोली लगी। घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। (Firing in Bilaspur)

कैसे खुली साजिश की पोल ?
हमले के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने जांच के लिए टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और पुरानी रंजिश के आधार पर पुलिस को विश्वजीत अनंत और उसके साथियों पर शक हुआ। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्टल, देसी कट्टा समेत कई हथियार बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- विश्वजीत अनंत (29 साल), निवासी ग्राम मोहतरा, मस्तूरी
- अरमान उर्फ बलमजीत अनंत (29 साल), निवासी ग्राम मोहतरा
- चाहत उर्फ विक्रमजीत (19 साल), निवासी ग्राम मोहतरा
- मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस (29 साल), निवासी भारतीय नगर
- मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू (22 साल), निवासी अटल आवास, कोनी
- दो नाबालिग आरोपी भी अपराध में संलिप्त पाए गए हैं।
क्या-क्या हुआ जब्त
- 2 देसी पिस्टल
- 1 देसी कट्टा
- 5 मैगजीन
- 4 जिंदा कारतूस
- 13 खाली खोखे
- 10 बुलेट
- 5 मोबाइल

पुरानी रंजिश में साजिश
दरअसल, साल 2023 में श्रीकांत वर्मा मार्ग के पास युवा कांग्रेस के दो गुटों में झगड़ा हुआ था, तब युवा कांग्रेस मस्तूरी विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष नीतेश सिंह और उसके साथियों ने मस्तूरी युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत पर हमला किया था। विश्वजीत गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय पुलिस ने नीतेश सिंह पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक नीतेश सिंह पर हमले की सुपारी पहले ही दी जा चुकी थी। जेल में बंद बदमाशों को इसकी भनक थी, जिन्होंने नीतेश सिंह को आगाह भी किया था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। (Firing in Bilaspur)
तीन साल पहले भी हुई थी ऐसी वारदात
14 दिसंबर 2022 को कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी की भी सरेआम गोली मारकर हत्या की गई थी। उन पर हमलावरों ने नेशनल हाईवे चौक पर गोलियां बरसाई थी। यह हमला भी बिलासपुर में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की मिसाल बन गया था। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की सुपारी किसने दी और हथियार कहां से लाए गए। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।



