Google Analytics —— Meta Pixel

सावन का पहला सोमवार: ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हुए शिवालय, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

सावन के प्रथम सोमवार पर पूरा प्रदेश शिवमय हो उठा है। ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयघोष के साथ बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देर रात से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। आस्था के इस पावन पर्व पर सुरक्षा, सफाई और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

काशी विश्वनाथ में पुष्प वर्षा, मंदिरों में भव्य श्रृंगार

वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा का विशेष ‘श्री शंकर स्वरूप’ श्रृंगार किया गया है। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत पुष्प वर्षा से किया जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: ड्रोन और जियो फेंसिंग से निगरानी

योगी सरकार के निर्देश पर वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ, बागपत, कानपुर और संभल सहित सभी प्रमुख जिलों में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

वाराणसी: शहर को 5 जोन और 15 सेक्टरों में बांटकर एंटी ड्रोन तकनीक, जियो फेंसिंग और 5,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

मार्ग व्यवस्था: प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग की एक लेन को पूरी तरह से कांवड़ियों के लिए सुरक्षित घोषित किया गया है।

सीसीटीवी निगरानी: मेरठ और बागपत के पुरा महादेव मंदिर परिसर में पीएसी, आरएएफ और ड्रोन कैमरों से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

विशेष पास व्यवस्था: कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में सभी सेवादारों के लिए फोटो युक्त पास अनिवार्य किया गया है।

महिला शिवभक्तों के लिए ‘आपदा सखियां’ तैनात

प्रयागराज के घाटों से गंगा-यमुना का जल लेकर काशी जाने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। महिला पुलिस बल के साथ-साथ मार्गों पर ‘आपदा सखियों’ को तैनात किया गया है, ताकि महिला शिवभक्तों को यात्रा में हर संभव सहायता प्रदान की जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!