फ्लाईदुबई के को-पायलट को UAE को सौंपा गया, कैप्टन पर हमले और विमान क्रैश की कोशिश की जांच तेज
दुबई-तेल अवीव उड़ान में कैप्टन पर हमले के आरोपी ओमानी को-पायलट को सऊदी अरब ने UAE को सौंप दिया। जानिए पूरे मामले में अब तक क्या सामने आया।
Flydubai Flight FZ1073 : फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में कैप्टन पर कथित हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया है। सऊदी अरब के तबुक में विमान की आपात लैंडिंग के बाद आरोपी को-पायलट को हिरासत में लिया गया था। अब UAE में मामले की आगे जांच की जा रही है।
यह घटना 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई थी। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में कॉकपिट के अंदर कैप्टन और को-पायलट के बीच झड़प हुई। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में 174 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। (Flydubai Flight FZ1073)
सऊदी जांच में को-पायलट पर हमले की पुष्टि
सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के अनुसार, सऊदी और UAE के सुरक्षा अधिकारियों की शुरुआती जांच में सामने आया कि को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया, जिससे दोनों घायल हुए। दोनों को तबुक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
मेडिकल जांच के बाद दोनों पायलटों को यात्रा की अनुमति दी गई। गुरुवार सुबह UAE की सुरक्षा टीम के साथ दोनों को अबू धाबी भेज दिया गया। आरोपी को-पायलट को UAE में आगे की जांच के लिए सौंपा गया है।
भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल
इस घटना में विमान के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हुए। रिपोर्टों के अनुसार, हमले के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के अन्य सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। विमान को बाद में सुरक्षित रूप से तबुक में उतारा गया।
भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन मच्छार को आवश्यक चिकित्सा उपचार दिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई। बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया।
विमान को क्रैश कराने की कोशिश की भी जांच
घटना के बाद यह भी जांच की जा रही है कि क्या को-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। इजरायली अधिकारियों ने इस घटना को विमान को गिराने की कथित कोशिश से जोड़कर बताया है, जबकि सऊदी अधिकारियों की शुरुआती जांच में फिलहाल कॉकपिट में हमले और दोनों पायलटों के घायल होने की बात कही गई है। घटना के पीछे की मंशा और संभावित साजिश की जांच जारी है।
विमान में सवार सभी यात्रियों को तबुक में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। बाद में यात्रियों को दूसरे फ्लाईदुबई विमान से उनकी मंजिल तक रवाना किया गया। (Flydubai Flight FZ1073)
यह भी पढ़े :- दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा: समुद्र में डूबे 8 छात्र, सभी की मौत



