Google Analytics —— Meta Pixel

मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर भी फर्जीवाड़ा

Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला रायगढ़ जिले का है, जहां पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक कुमार शर्मा को दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका सहयोगी सितेश पाणिग्राही अभी भी फरार है। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने पुसौर क्षेत्र के तीन लोगों को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ितों को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाए गए और बाद में पैसे लौटाने के नाम पर चेक दिए गए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।

यह भी पढ़ें:- पिता के गुस्से का शिकार बना बेटा, डेढ़ साल के बच्चे के सिर पर मारा ईंट, मौके पर ही मौत

जांच में यह भी सामने आया कि कुंजबिहारी पटेल से किस्तों में लाखों रुपए वसूले गए, जबकि अन्य दो ग्रामीणों से भी बड़ी रकम ली गई। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से चेक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने नौकरी के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकार की है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। फरार आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश जारी है। (Fraud in Chhattisgarh)

जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर ठगी

वहीं बिलासपुर के जूना कतियापारा के रहने वाले सर्वेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर विक्की सिदारा ने उससे 12 लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित के मुताबिक बड़ी रकम लेने के बाद आरोपी करीब डेढ़-दो साल तक गायब रहा। जब फिर संपर्क किया गया तो कार बेचने के बहाने उसकी गाड़ी भी ले ली गई। सर्वेश कश्यप ने बताया कि उनकी मां गंभीर रूप से बीमार हैं और बिस्तर पर हैं, जिसके कारण उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। बावजूद इसके पिछले डेढ़-दो महीने से सिटी कोतवाली थाने के चक्कर लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आरोपी विक्की सिदारा ने आरोपों को किया खारिज

वहीं आरोपी विक्की सिदारा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सर्वेश खुद फ्रॉड है और कार फाइनेंस में है, लेनदेन की बात पूरी तरह झूठी है। नौकरी और जमीन के झांसे में ठगी के दोनों मामलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और फरार आरोपियों की खोज जारी है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए जांच पूरी गंभीरता से चल रही है। रायगढ़ और बिलासपुर में सामने आए ठगी के मामले यह याद दिलाते हैं कि झूठे वादों में फंसने से पहले सतर्क रहना जरूरी है। (Fraud in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!