Google Analytics —— Meta Pixel

शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, ओडिशा के सीमेंट कारोबारी से रायपुर में 2 करोड़ की ठगी

Fraud to Cement Businessman: राजधानी रायपुर में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ओडिशा के एक सीमेंट कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग में कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर कारोबारी को अपने जाल में फंसाया और रायपुर बुलाकर 2 करोड़ रुपए नगद ले लिए। रकम मिलने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और फिर अचानक फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित कारोबारी नेमीचंद जैन ओडिशा के कालाहांडी का रहने वाला है, जिसने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में उनके मोबाइल पर एक टेलीग्राम ग्रुप का लिंक आया। ग्रुप में खुद को टाटा कंसलटेंसी से जुड़ा बताते हुए शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया।

यह भी पढ़ें:- RAIPUR NEWS : टीम प्रहरी अभियान के तहत जोन-9 में बड़ी कार्रवाई

आरोपियों ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति 1 लाख रुपए निवेश करता है तो 10 दिनों में 30 हजार रुपए का मुनाफा मिलेगा। भरोसा दिलाने के लिए नेमीचंद जैन से 1 लाख रुपए इन्वेस्ट करवाए गए और कुछ ही दिनों बाद उन्हें 30 हजार रुपए मुनाफे के रूप में दिए गए। इससे उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने नेमीचंद जैन को फोन कर बड़े निवेश का ऑफर दिया। कहा गया कि अगर वह 2 करोड़ रुपए निवेश करेंगे तो 40 लाख रुपए अतिरिक्त मुनाफा मिलेगा। कारोबारी ने ऑनलाइन ठगी की बढ़ती घटनाओं का हवाला देते हुए कैश में भुगतान की बात कही। आरोपियों ने उन्हें रायपुर के होटल सिमरन बुलाया, जहां शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी स्कीम समझाई गई। बातचीत के दौरान नेमीचंद जैन ने बताया कि फिलहाल उनके पास 2 करोड़ रुपए नहीं हैं और परिवार से व्यवस्था करनी पड़ेगी।

साले से लेकर दिए 2 करोड़ रुपए कैश

सीमेंट कारोबारी नेमीचंद जैन ने रायपुर के शंकर नगर में रहने वाले अपने साले राजकिशोर अग्रवाल से 2 करोड़ रुपए की व्यवस्था की। आरोपियों ने दोनों को लाल गंगा मिडास, फाफाडीह स्थित ऑफिस के कमरा नंबर 107 में बुलाया। यहीं पर जीजा-साले ने मिलकर आरोपियों को 2 करोड़ रुपए कैश सौंप दिए। आरोपियों ने दावा किया कि कुछ ही घंटों में मुनाफे की रकम खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। रकम देने के कुछ दिनों बाद जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया और मुनाफे की मांग की तो वे लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में आरोपियों ने मोबाइल मैसेज डिलीट कर दिए और फोन बंद कर फरार हो गए। (Fraud to Cement Businessman)

धोखाधड़ी में महिला आरोपी भी शामिल

पीड़ित कारोबारी नेमीचंद जैन ने कहा कि हमें शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। भरोसा दिलाने के लिए पहले मुनाफा भी दिया, फिर 2 करोड़ रुपए लेकर सभी फरार हो गए। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि इस ठगी में अजीत पात्रा, सुमित नंदा, विकास साहू, अजय त्रिपाठी और अर्चना अग्रवाल शामिल हैं। सभी ने मिलकर कम समय में ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 2 करोड़ रुपए की ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। मामले को लेकर रायपुर एएसपी डी.आर. पोर्ते ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। (Fraud to Cement Businessman)

स्टॉक मार्केट के नाम पर ऐसे होता है फ्रॉड

  • सोशल मीडिया पर आकर्षक पोस्ट डाली जाती है, जिसमें डेली 5-10 हजार कमाएं, गारंटीड रिटर्न जैसे वादे किए जाते हैं।
  • इन्वेस्टमेंट सीखाने के नाम पर WhatsApp/Telegram ग्रुप में जोड़ा जाता है।
  • लोगों का भरोसा जीतने के लिए कुछ फर्जी मुनाफा दिखाया जाता है।
  • ग्रुप के जरिए फर्जी ऐप डाउनलोड करवाया जाता है।
  • निवेश के बाद पैसा और ऐप से बाहर कर दिया जाता है।

निवेशकों के लिए जरूरी सावधानियां

  • सोशल मीडिया पर आए मैसेज पर भरोसा न करें: WhatsApp, Telegram, Facebook पर आए पक्का मुनाफा वाले मैसेज अक्सर स्कैम होते हैं।
  • SEBI से रजिस्टर्ड होने का दावा चेक करें: कोई भी निवेश सलाह देने वाला वास्तव में SEBI में रजिस्टर्ड है या नहीं, यह आधिकारिक वेबसाइट से जांचें।
  • सोशल मीडिया ग्रुप से मिलने वाली टिप्स से बचें: ऐसे ग्रुप अक्सर फर्जी होते हैं और नुकसान कराते हैं।
  • अनचाही कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया लिंक से सावधान रहें।
  • अनजान ऐप या वेबसाइट इंस्टॉल न करें: APK, लिंक या वेबसाइट के जरिए फोन का एक्सेस लिया जा सकता है।
  • किसी भी WhatsApp/Telegram ग्रुप के एडमिन की जांच करें: फर्जी प्रोफाइल और नकली पहचान का इस्तेमाल होता है।
  • OTP, पासवर्ड या निजी जानकारी कभी साझा न करें: बैंक या ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी मांगना सीधा फ्रॉड है।
  • नए ऐप या वेबसाइट पर निवेश से पहले उसकी प्रामाणिकता जांचें।
  • अनजान मैसेज और कॉल को रिकॉर्ड/रिपोर्ट करें: साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें।
  • बिना दस्तावेज और प्रमाण के किसी पर भरोसा न करें।
  • स्टॉक मार्केट में गारंटी वाला मुनाफा नामुमकिन है।
  • निवेश हमेशा अपने अधिकृत ब्रोकर और विश्वसनीय ऐप से ही करें।
  • शक होने पर तुरंत cybercrime.gov.in या 1930 पर शिकायत करें।
  • अपने पासवर्ड नियमित रूप से बदलें और 2FA (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) का इस्तेमाल करें।
  • अपनी बैंक डिटेल, OTP, लॉगिन ID कभी किसी के साथ साझा न करें।
Back to top button
error: Content is protected !!