Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.28 करोड़ की ठगी, मुंबई क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ठगों ने रिटायर्ड डॉक्टर को ठगा

Fraud to Retired Doctor: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर एक रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर से 1 करोड़ 28 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर ली। ठग ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराए। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के बाद 55 लाख रुपए होल्ड कराए हैं और साइबर सेल की मदद से जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित स्वपन सेन (74) पशुपालन विभाग से रिटायर्ड डॉक्टर हैं और रायपुर के स्वर्णभूमि इलाके में रहते हैं।

यह भी पढ़ें:- धर्म ही पूरे ब्रह्मांड का चालक, वही मुझे और प्रधानमंत्री मोदी को भी चला रहा: RSS प्रमुख मोहन भागवत

31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:15 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से वॉट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कई लोगों से धोखाधड़ी में हुआ है। ठग ने गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए वॉट्सएप पर एक फर्जी FIR की कॉपी भी भेजी। डर और दबाव में आकर स्वपन सेन ने अपने बैंक अकाउंट और एफडी से जुड़ी जानकारी ठग को वॉट्सएप कर दी। 3 जनवरी 2026 को ठगों ने एक बैंक खाते में 34 लाख रुपए RTGS के जरिए ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 13 जनवरी को दूसरे खाते में 39 लाख रुपए भेजने को कहा गया। (Fraud to Retired Doctor)

ठगी का एहसास होते ही थाने पहुंचे पीड़ित

16 जनवरी को तीसरे खाते में 55 लाख रुपए जमा कराने के लिए दबाव बनाया गया, जिसके लिए रिटायर्ड डॉक्टर ने अपनी एफडी तुड़वा दी। इस तरह डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। जब 55 लाख रुपए ट्रांसफर करने के बाद भी ठगों का दबाव बना रहा, तब स्वपन सेन को ठगी का एहसास हुआ। वे तुरंत विधानसभा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने 10 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर सेल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। फिलहाल 55 लाख रुपए संबंधित खातों में होल्ड करा दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पैसे की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं और अन्य खातों की भी जांच चल रही है।

डिजिटल अरेस्ट क्या है ?

  • खुद को पुलिस, साइबर क्राइम, ED या नारकोटिक्स अधिकारी बताकर कॉल किया जाता है।
  • गिरफ्तारी का डर दिखाकर घर में ही डिजिटल अरेस्ट में रखने की बात कही जाती है।
  • वीडियो कॉल पर पुलिस स्टेशन जैसा बैकग्राउंड दिखाया जाता है।
  • बैंक अकाउंट सीज और गिरफ्तारी की धमकी दी जाती है।
  • एप डाउनलोड कराकर फर्जी डिजिटल फॉर्म भरवाए जाते हैं।
  • डमी अकाउंट बताकर उसमें पैसों का ट्रांजेक्शन कराया जाता है।

डिजिटल अरेस्ट से बचाव के तरीके

  • किसी भी सरकारी एजेंसी के नाम से आए धमकी भरे कॉल पर भरोसा न करें।
  • कॉल करने वाले के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
  • डर लगे तो तुरंत परिवार से बात करें और नजदीकी थाने जाएं।
  • साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करके या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
  • जितनी जल्दी रिपोर्ट करेंगे, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ज्यादा होगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट जैसी किसी भी कॉल की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें। NCRB के मुताबिक डिजिटल अरेस्ट कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि साइबर ठगी का एक नया और तेजी से बढ़ता तरीका है। देश में ऐसे साइबर फ्रॉड के मामलों में पिछले दो-तीन सालों में तेज उछाल आया है और 2024 में ही डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में हजारों शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें करोड़ों रुपए की ठगी हुई। रिपोर्ट यह भी बताती है कि बुजुर्ग और आम नागरिक इस तरह की साइबर धोखाधड़ी के सबसे बड़े शिकार बन रहे हैं। (Fraud to Retired Doctor)

Back to top button
error: Content is protected !!