Chhattisgarh : आरंग में सदियों से होती आ रही है गणेश पूजा, नगर के अनेक मंदिरों में स्थापित हैं गणेश की प्राचीन प्रतिमाएं
Worship of Lord Ganesha
Worship of Lord Ganesha : देवालयों और मंदिरों की नगरी के रूप में विख्यात रायपुर जिला के आरंग में गणेश पूजा (Worship of Lord Ganesha) की परंपरा सदियों पुरानी है। नगर के अनेक प्राचीन मंदिरों में आज भी भगवान गणेश की पाषाण प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनकी प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं।
यह भी पढ़े :- जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
नगर के बाबा बागेश्वरनाथ महादेव मंदिर, बरमबाबा मंदिर, नारायण बन हनुमान मंदिर, महामाया मंदिर, नकटी तालाब किनारे जागेश्वर महादेव मंदिर, भुनेश्वर महादेव मंदिर, जवाहर चौक सहित अन्य मंदिरों में भगवान गणेश की प्राचीन प्रतिमाएं दर्शनीय हैं। विशेषकर शिव मंदिरों में गणेश प्रतिमाओं की उपस्थिति उनकी प्राचीन धार्मिक परंपरा को दर्शाती है। इनमें से कई प्रतिमाएं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, किंतु उनकी ऐतिहासिकता और महत्व अब भी स्पष्ट झलकता है।
स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि इन प्रतिमाओं से सिद्ध होता है कि आरंग में सदियों से गणेश पूजा प्रचलित रही है। आज भी नगरवासी गणेशोत्सव को बड़े उत्साह और हर्षोल्लास से मनाते हैं। बड़े-बड़े पंडालों में गणेश जी की स्थापना कर ग्यारह दिनों तक पूजा-अर्चना की जाती है। गणेश प्रतिमाओं की भव्य झांकियां पूरे नगर व आसपास के क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र रहती हैं।
इसी क्रम में नगर की सामाजिक संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन प्राचीन गणेश प्रतिमाओं की जानकारी संकलित कर उन्हें पुराविदों से शोध-अध्ययन कराने का प्रयास कर रही है। संस्था के संयोजक महेंद्र पटेल ने बताया कि नगर के लोधीपारा निवासी लक्ष्मीनारायण लोधी के घर में भी भगवान गणेश की एक प्राचीन प्रतिमा स्थापित है, जिसकी ऊंचाई लगभग ढाई फीट और चौड़ाई डेढ़ फीट है। लोधी परिवार वर्षों से इस प्रतिमा की नियमित पूजा करता आ रहा है।
वहीं महामाया तालाब किनारे गणेश की एक प्राचीन प्रतिमा खंडित अवस्था में खुले में पड़ी हुई है, जिसके संरक्षण की तत्काल आवश्यकता है। (Worship of Lord Ganesha)



