Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग जिलों से करोड़ों के गांजा जब्त

Ganja Smuggling in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस बीच बीते कुछ दिनों में अलग-अलग जिलों से पुलिस ने गांजा और मादक पदार्थों की तस्करी के कई बड़े मामलों का खुलासा किया है। कहीं अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार हुए तो कहीं फरार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े। जगदलपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर से लगे आड़ावाल के आगे झंडा चौक के पास बोधघाट पुलिस ने 3 किलो 800 ग्राम गांजा तेल (हैश ऑयल) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 लाख रुपए आंकी गई है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 14वें मंत्री की नियुक्ति पर हाईकोर्ट का रुख, कांग्रेस संचार प्रमुख की याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

पुलिस ने ओडिशा के कोरापुट जिले के सोमनाथ साहू को गिरफ्तार किया है, जो बाइक के जरिए ओडिशा से गांजा तेल लेकर जगदलपुर की ओर आ रहा था। आरोपी इसे बड़े शहरों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। वहीं मुंगेली जिले में भी गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 840 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 12 हजार 800 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल और पथरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने की। मामला पथरिया थाना क्षेत्र के लौदा गांव का है।

11 दिसंबर को दुर्ग पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करते हुए एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 362 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 18 हजार 100 रुपए बताई जा रही है। पद्मनाभपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि तितुरडीह निवासी सुमन पांडे और उसका साथी मुकेश मिश्रा रायपुर नाका ओवरब्रिज के पास गांजा बेचने की तैयारी में हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पहले दोनों ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

रायगढ़ में अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार

10 दिसंबर को रायगढ़ जिले की जोबी पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के फरार आरोपी लवलेश उर्फ रविंद्र पटेल उर्फ लवकेश पांडे को ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार किया। आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है, जो एक संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ था। अगस्त 2025 में पुलिस ने कुर्रु गांव से 64 किलो 360 ग्राम गांजा जब्त किया था। उस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था, जबकि लवकेश फरार था। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल, सिम कार्ड और 3 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा गया है।

दुर्ग में फरार गांजा तस्कर गिरफ्तार

8 दिसंबर को दुर्ग पुलिस ने गांजा तस्करी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कुम्हारी के परसदा इलाके में छिपा हुआ है। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और घर के कागजात भी जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि 16 अक्टूबर को चार आरोपी पकड़े गए थे, लेकिन सत्येंद्र मौके से फरार हो गया था। अब उसे भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

धमतरी में बाइक से गांजा तस्करी नाकाम

7 दिसंबर को धमतरी जिले के बोराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओडिशा से आ रही गांजा तस्करी को नाकाबंदी के दौरान विफल कर दिया। चेकिंग के दौरान बाइक सवार फरार हो गया, लेकिन पीछे बैठे युवक को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी शिवलाल नेताम ओडिशा के नवरंगपुर का रहने वाला है, जिसके पास से 480 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपए है। फरार बाइक चालक की तलाश जारी है। 4 दिसंबर को सूरजपुर पुलिस ने अम्बिकापुर से रेनुकूट जा रही बस में सवार एक युवक से करीब 13 किलो गांजा बरामद किया था। गांजे की कीमत लगभग 4 लाख रुपए बताई जा रही है।

बेमेतरा में ट्रक पलटा, गांजा तस्करी की आशंका

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजा बनारस ले जाया जा रहा है। नाकाबंदी के दौरान युवक बस से उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बलरामपुर के रहने वाले सोनू पटेल के रूप में हुई है। वहीं 3 दिसंबर को बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर बेजी टोल प्लाजा के पास सरिया से लदा ट्रक पलट गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सरिया के नीचे संदिग्ध बोरियां देखी, जिनसे गांजे जैसी गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू की। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

सारंगढ़ में बाइक से गांजा ले जाते आरोपी गिरफ्तार

3 दिसंबर को सारंगढ़ में कनकबीरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 1 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से गांजा के अलावा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रदेश में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियानों के और तेज होने की उम्मीद है।

Back to top button
error: Content is protected !!