Chhattisgarh Crimes News : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में सरकारी स्कूल का शिक्षक गिरफ्तार
Chhattisgarh Crimes News : जशपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षक गिरधारी राम यादव को नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार के आरोप में पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
यह भी पढ़े :- Gaza Peace Plan : गाज़ा में शांति की नई राह: संयुक्त राष्ट्र ने अमेरिकी प्रस्ताव को दी मंजूरी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता (उम्र करीब 14 वर्ष) आरोपी शिक्षक के घर पर घरेलू कामकाज करने के साथ-साथ रहती थी और उसी के स्कूल में पढ़ाई भी करती थी। अकेले में मौका पाकर शिक्षक आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करता था। परेशान होकर नाबालिग लड़की किसी तरह शिक्षक के घर से भाग निकली और परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से आरोपी फरार हो गया था। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी।
सोमवार को जैसे ही वह घर में कपड़े और पैसे लेने पहुंचा, पहले से घेराबंदी कर रही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सबूतों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। (Chhattisgarh Crimes News)
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने में टीम को सफलता मिली है और मामले की गहन जांच जारी है। (Chhattisgarh Crimes News)



