Google Analytics —— Meta Pixel

पेपर लीक पर एक्शन में सरकार: PM मोदी बोले- ‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले होंगे सलाखों के पीछे’

परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए 'हाई पावर टास्क फोर्स' गठित, नंदन नीलेकणी करेंगे अगुवाई

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं और छात्रों के नाम एक नया वीडियो संदेश जारी कर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, वे फिलहाल जेल की सजा काट रहे हैं। सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़े कानूनी और तकनीकी कदम उठा रही है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि ऐसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जा चुका है। इसके साथ ही सरकार संसद में कठोर कानूनी प्रावधानों के साथ एक नया कानून लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को पूरी तरह से रोका जा सके।

परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ‘हाई पावर टास्क फोर्स’ गठित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि इस टास्क फोर्स का नेतृत्व इंफोसिस के सह-संस्थापक और प्रसिद्ध प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणी करेंगे। यह समिति मुख्य रूप से परीक्षा सुधारों पर काम करेगी और आधुनिक तकनीक के उपयोग से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित व विश्वसनीय बनाने के उपाय सुझाएगी।

इस टास्क फोर्स में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इनमें पूर्व इसरो अध्यक्ष एस. सोमनाथ, आईबी के पूर्व निदेशक तपन डेका, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामाकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता कारवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीना शामिल हैं। टास्क फोर्स की सिफारिशों के आधार पर आगामी परीक्षाओं में नई तकनीकों को तेजी से लागू किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!