वर्षा जल संचयन और प्रदूषण नियंत्रण पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की जरुरत: राज्यपाल डेका

Governor Deka in Balodabazar: राज्यपाल रमेन डेका ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दौरे के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में चलाए जा रहे जल संचयन के कार्य, पौध रोपण, पर्यावरण संवर्धन और जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए किए जा रहे कार्य, स्वच्छ भारत मिशन सहित पुलिस, वन, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, नगरीय प्रशासन, सहकारिता विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्यपाल डेका ने वर्षा जल संचय और जल और वायु प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए वर्षा जल संचय के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और प्रदुषण नियंत्रण पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की बात कही।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा में उठा छत्तीसगढ़ भारतमाला परियोजना घोटला का मुद्दा, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने उठाया मुद्दा
राज्यपाल डेका ने कहा कि भावी पीढ़ी के लिए जल और स्वच्छ पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है। जल के अत्यधिक दोहन से जल संकट की स्थिति निर्मित होते जा रही है उसी प्रकार पर्यावरण भी प्रदूषित होते जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिला औद्योगिक जिला है यहां बड़े कारखाने के साथ पत्थर खदाने भी हैं, जिससे यहां वर्षा जल को सहेजना और भी ज्यादा जरुरी है। उन्होंने जंगलो की कटाई व नदी-नालों की सफाई पर जोर देते हुए कहा कि प्रति वर्ष वृक्षारोपण बड़े पैमाने पर होता है इन पौधों को लगाने से ज्यादा जरुरी इनकी देखभाल करना हैं। उन्होंने कहा कि अगर जंगल से पेड की कटाई न हो तो जंगल बचाए जा सकते हैं उसी प्रकार नदी-नालों को साफ रखेंगे तों पानी का बहाव नियमित रूप से होता रहेगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर मॉनिटरिंग के साथ ही जन जागरूकता अभियान भी निरंतर चलाया जाना चाहिए। जल स्तर बढ़ाने के लिए विभिन्न संरचनाओं का ज्यादा से ज्यादा निर्माण हो। (Governor Deka in Balodabazar)

राज्यपाल डेका ने स्व-सहायता समूहों के कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए आवश्यक प्रशिक्षण और आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर महिलाओं को सक्षम बनाने कहा। उन्होंने यहां के उद्योगों मे स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने आवश्यक पहल करने संबंधित को निर्देश दिए। विशेष पिछडी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सभी मूलभूत सुविधाएं समेत स्वच्छता के लिए जागरूकता अभियान सतत रूप से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजो में ज्यादा से ज्यादा छात्रों को एनसीसी के लिए प्रोत्साहित करने कहा, ताकि छात्रों में अनुशासन, देशभक्ति की भावना, बौद्धिक विकास, समयबद्धता सहित शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके। स्कूलों में ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या मे कमी लाने, छात्रों के लिए कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था पर भी जोर दिया। (Governor Deka in Balodabazar)
सड़क दुर्घटना की रोकथाम पर चर्चा
राज्यपाल डेका ने जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम और शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और बिक्री की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। राज्यपाल ने इस पर चिंता जाहिर करते हुए इसके रोकथाम के लिए पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। युवाओ को नशा से दूर रहने और नशापान से ग्रसित लोगों को नशा से छुटकारा दिलाने के लिए किए जा रहे सुधारात्मक उपाय और जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के संबंध में भी जानकारी ली। (Governor Deka in Balodabazar)
मरीजों का कांउसलिंग कराने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में टी.बी. उन्मूलन अभियान के कार्यों के संबंध जानकारी ली। डेका ने मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी को टी.बी. के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के अलावा इसकी रोकथाम के लिए मरीजों का कांउसलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधि की भी समीक्षा की। डेका ने जिले में रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने के लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। बैठक कलेक्टर दीपक सोनी, राज्यपाल की उप सचिव हिना अमिनेष नेताम और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। (Governor Deka in Balodabazar)



