Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यपाल डेका ने स्टूडेंट्स से किया आह्वान, कहा- नैतिक और शैक्षिक मूल्यों को अपनाएं और नई ऊंचाइयों को छुएं

Governor Deka on NIT: रायपुर NIT यानी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब मिलकर एक ऐतिहासिक अवसर का जश्न मना रहे हैं, जो कि विद्यार्थियों की सालों की कड़ी मेहनत, धैर्य और लगन का नतीजा है। हर विद्यार्थी ने शैक्षिक चुनौतियों का सामना किया, सहपाठियों से मित्रता की और साथ मिलकर बेहतरीन अनुभव के दौर से गुजरे, जिसने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है। उन्होंने डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।

यह भी पढ़ें:- निष्ठा, नैतिकता और कुशलता के साथ निरंतर काम करने वालों को सम्मान मिलता है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थी सिर्फ ज्ञान लेकर नहीं जा रहे, बल्कि आपसी समन्वय, संघर्ष करने और डटे रहने का कौशल भी लेकर जा रहे हैं। ये गुण उन्हें संस्थान की चार दीवारी से बाहर की दुनिया में मार्गदर्शन देंगे। विद्यार्थी एक ऐसी अनोखी दुनिया में प्रवेश करेंगे, जो अभूतपूर्व परिवर्तन का समय है, जहां उनकी रचनात्मकता और जुनून महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगी। पूरा विश्व इन विद्यार्थियों की तरफ टकटकी लगाए देख रहा होगा कि इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी कौशल का उपयोग करके जलवायु परिवर्तन, गरीबी, वैश्विक भूखमरी, लिंग भेद, असमान आय, बेरोजगारी जैसी अनसुलझी वैश्विक समस्याओं का हल निकाल सकें। (Governor Deka on NIT)

   

राज्यपाल डेका ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सफलता के लिए नैतिक और शैक्षिक मूल्यों को अपनाएं और नई ऊंचाइयों को छुएं। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र और राज्य की सरकार ने इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बेहतरीन प्रयास किए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुशल नेतृत्व वाली सरकार ने शैक्षणिक अधोसंरचना को बढ़ावा देने के लिए काफी कार्य किए हैं। साथ ही तकनीकी संस्थाओं में शोध और नवाचार को भी छत्तीसगढ़ में बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की मौजूदा साय सरकार ने विभिन्न प्रयास किए हैं, जिससे कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा मिले। साथ ही कार्य बल को उद्योगों की जरूरत के हिसाब से ढाला जा सके। (Governor Deka on NIT)

उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में विकास और अनुसंधान के लिए शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों की साझेदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कि क्षेत्रीय समस्याओं का स्थानीय हल भी ढूंढा जा सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति मुर्मू के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रथम आगमन पर इसे ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन बताया। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रति आभार जताया कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने अपने कीमती समय में दो दिनों का बहुमूल्य समय प्रदेश को दिया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से डिग्री प्राप्त करने वाले सभी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, पीएचडी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ डिग्री हासिल करने का दिन नहीं, बल्कि देश और समाज के लिए अपने ज्ञान और कौशल को भविष्य में योगदान देने के लिए भी तैयार होने का दिन है। (Governor Deka on NIT)

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है। यहां की बड़ी आबादी गांवों और जंगलों में निवास करती है। ये वर्ग आज भी कई तरह के अभावों का सामना कर रही है। सुविधा और संपन्नता की दृष्टि से पीछे रह गए इन लोगों के जीवन में आपका ज्ञान और कौशल बदलाव ला सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है। यहां पर औद्योगिक विकास के लिए बहुत संभावना है। इस क्षेत्र में भी आपका ज्ञान और कौशल राज्य के लिए बहु उपयोगी है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इसी के अनुरूप हम लोगों ने भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया है। यह संकल्प आप लोगों के योगदान के बिना पूरा नहीं हो सकता। (Governor Deka on NIT)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा देश दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हुए हम लोग भी इसमें बड़े बूस्ट की तैयारी कर रहे हैं। देश और प्रदेश को आप जैसे युवा प्रतिभाओं से बहुत उम्मीद है। आज प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो चुकी है। यह छात्र-छात्राओं में ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास पर भी जोर देती है। हमारी आने वाली पीढ़ी तकनीकी रूप से कुशल और उद्यमिता से भरपूर पीढ़ी होगी। प्रदेश के 160 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का भी हम आधुनिकीकरण कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, हवाई और संचार नेटवर्क का विस्तार बहुत तेजी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में हमारे पास युवाओं की बहुत बड़ी टीम होगी, जो इस प्रदेश को अपने ज्ञान, कल्पनाशीलता और प्रतिभा से विकास की नई उंचाईयों पर स्थापित करने में सक्षम होगी। (Governor Deka on NIT)

Back to top button
error: Content is protected !!