Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Special: विकास के रास्ते पर तेजी से अग्रसर है स्वस्थ एवं युवा छत्तीसगढ़

Yuva Chhattisgarh : ये तो हर कोई जानता है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। इसके साथ ही ये भी कि इंसान का सबसे बड़ा धन उसका स्वास्थ्य है। आज का युवा छत्तीसगढ़ इस बात को भली भांति समझता है तभी तो 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा छत्तीसगढ़ अपने स्वास्थ्य को लेकर ना सिर्फ सतर्क है बल्कि नई तकनीक को लेकर सजग भी है। स्वास्थ्य को लेकर छत्तीसगढ़ कितना गंभीर है इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि आने वाले समय में स्वास्थ्य का बजट दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है और इसकी शुरूआत भी कर दी गयी है। वर्ष 2023-24 में राज्य का स्वास्थ्य बजट 5461 करोड़ रूपए का था जिसमें 38.5 फीसदी का इजाफा करते हुए वर्ष 2024-25 में 7563 करोड़ रूपए कर दिया गया है।

यह भी पढ़े :- भगवान सहस्त्रबाहु के रास्ते पर आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ सरकार: मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ जब नवजात था तब वो बीमारियों से घिरा हुआ था। राज्य में मातृ मृत्यु की दर काफी ज्यादा थी। संस्थागत प्रसव न के बराबर था। बस्तर में जितनी मौतें नक्सली मुठभेड़ में नहीं होती थी उससे कहीं ज्यादा मौतें मलेरिया से हो जाती थीं। एंबुलेंस सेवा नहीं होने से मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था। हालांकि आज के युवा छत्तीसगढ़ के लिए ये बातें अब पुरानी हो चुकी हैं। वर्ष 2003 मे जहां मातृ मृत्यु दर प्रति एक लाख में 269 थी जो आज घटकर 137 हो गयी है।

नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे-3 (2005-06) के अनुसार राज्य में संस्थागत प्रसव सिर्फ 15.3 फीसदी था। आज यह लगभग 70 फीसदी का इजाफे के साथ नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे-5 (2019-21) के आंकड़ो के अनुसार 85.7 फीसदी तक पहुंच चुका है। बस्तर में मलेरिया पर अंकुश लग चुका है। वर्ष 2018 की तुलना में आज बस्तर में मलेरिया के मामलों में 50 फीसदी की कमी आ गयी है। 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा राज्य के लोगों के लिए वाकई संजीवनी साबित हो रही है। पिछले एक साल में ही डायल 108 पर 9 लाख 73 हजार 681 आपातकालीन फोन काल्स आए और इनमें से 3 लाख 4 हजार 847 मरीज लाभांवित हुए।

छत्तीसगढ़ की शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के माध्यम से राज्य के 77 लाख 20 हजार परिवारों को 5 लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज मिल रहा है जिसे आने वाले समय में 10 लाख रूपए तक किए जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत विशेष स्थितियों में इलाज के लिए 25 लाख रूपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत 12 सितंबर 2024 तक लगभग 1200 लोगों को 43 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

स्वस्थ छत्तीसगढ़ के लिए यह जरूरी है कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कुशल चिकित्सकों के हाथों में रहे। लेकिन आज से 24 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ में सिर्फ एक शासकीय मेडिकल कालेज था जिसमें मात्र 100 एमबीबीएस की सीटें थीं। बीते 24 वर्षों में राज्य में शासकीय मेडिकल कालेजों की संख्या 1 से बढ़कर 10 हो गयी है और एमबीबीएस की सीटें भी बढ़कर 1460 हो गयी हैं। शासकीय मेडिकल कालेजों में 291 स्नातकोत्तर की सीटें भी बढ़ी हैं जिससे राज्य को विशेषज्ञ चिकित्सक मिल रहे हैं। (Yuva Chhattisgarh)

आज का युवा छत्तीसगढ़ सिर्फ अस्पताल की ही बात नहीं कर रहा है बल्कि वो सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की बात कर रहा है। राज्य के पहले डिजिटल बजट में सभी संभाग में एम्स की तर्ज पर सिम्स खोलने का निर्णय लिया गया है और इसकी शुरूआत भी बिलासपुर से हो चुकी है जिसका लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने धनवंतरी दिवस के अवसर पर किया। जल्द ही हम छत्तीसगढ़ में आर्गन ट्रांसप्लांट होते हुए भी देखेंगे।

वो छत्तीसगढ़ जो 1 नवंबर 2000 को जन्म लेते समय बीमारू राज्य का दर्जा रखता था वो आज बीते जमाने की बात हो गयी है। वर्तमान में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार ये बात भली भांति समझती है कि भारत की तर्ज पर छत्तीसगढ़ को भी वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाना है तो स्वास्थ्य ही वो पहली कड़ी है जो राज्य को सक्षम और समृद्ध बनाएगा। खुशी की बात ये है कि राज्य की वर्तमान सरकार इस पर लगातार प्रयास कर रही है और इसके बेहतर परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। (Yuva Chhattisgarh)

आलेखः मनोज कुमार सिंह, सहायक संचालक

Back to top button
error: Content is protected !!