होली के रंग पड़े भारी, सिम्स में स्किन और आंखों के मरीजों की संख्या बढ़ी
Chhattisgarh News : होली में मिलावटी और केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। होली के बाद बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंच रहे हैं। बीते दो दिनों में स्किन और नेत्र संबंधी कुल 652 मरीजों ने इलाज कराया। इनमें 465 मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं और 187 मरीज आंखों में जलन, लालिमा व सूजन की शिकायत लेकर पहुंचे।
यह भी पढ़े :- कैमरे में कैद हुआ जंगल का राजा, उदंती-सीता नदी टाइगर रिजर्व में दिखा बाघ
सिम्स के रिकॉर्ड के अनुसार इन दो दिनों में स्किन, नेत्र और अन्य विभागों को मिलाकर कुल 2958 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया। गुरुवार को अस्पताल में 1292 मरीज पहुंचे थे, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 1666 हो गई।
स्किन विभाग में गुरुवार को 125 मरीजों का इलाज किया गया, जो शुक्रवार को बढ़कर 340 हो गया। वहीं नेत्र विभाग में गुरुवार को 72 मरीज पहुंचे, जबकि शुक्रवार को 115 मरीज आंखों में रंग जाने और जलन की शिकायत लेकर इलाज कराने आए। (Chhattisgarh News)
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से त्वचा में एलर्जी, खुजली और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं अगर रंग आंखों में चला जाए तो संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। विशेषज्ञों ने लोगों को होली के दौरान प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का उपयोग करने की सलाह दी है। (Chhattisgarh News)



