झूठी शान की खातिर ऑनर किलिंग: नदी में डुबोकर पिता ने ली 18 वर्षीय बेटी की जान, शव बरामद
नई दिल्ली/आगरा: झूठी शान (हॉनर किलिंग) की खातिर एक पिता द्वारा अपनी ही 18 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता ने अपनी अविवाहित व गर्भवती बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा स्थित अपने पैतृक गांव ले जाकर चंबल नदी में डुबोकर मार डाला। वारदात के बाद आरोपी ने दिल्ली लौटकर पुलिस में बेटी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
पुलिस की जांच और सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी पिता की साजिश का पर्दाफाश हो गया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगरा के बासौनी क्षेत्र में चंबल नदी से गोताखोरों की मदद से युवती का शव बरामद कर लिया है।
दवा दिलाने के बहाने गांव ले गया था आरोपी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण दिल्ली निवासी आरोपी लखपत अपनी 18 वर्षीय अविवाहित बेटी खुशी को 29 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने आगरा के बासौनी गांव लेकर आया था। खुशी के गर्भवती होने की बात सामने आने पर आरोपी पिता नाराज था। सामाजिक लोक-लज्जा और झूठी शान के डर से उसने बासौनी में चंबल नदी के पास ले जाकर बेटी की डुबोकर हत्या कर दी और शव को पानी में बहा दिया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर गहराया शक
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता वापस दिल्ली आ गया और उसने तिगड़ी थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश शुरू की और आरोपी के बयानों में विरोधाभास पाया, तो संदेह के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
चंबल नदी से शव बरामद, जांच जारी
आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम उसे लेकर आगरा पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद युवती का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रियाओं के लिए दिल्ली भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं व संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।



