46 दिन तक बाथरूम के नीचे दफन रहा पति का शव, रोज वहीं नहाती रही आरोपी पत्नी

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना के बाद बाथरूम का फर्श दोबारा बनवा दिया और करीब 46 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक कर पुलिस व परिजनों को गुमराह करती रही। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान वह रोज उसी बाथरूम का इस्तेमाल भी करती रही।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रूबी ने कथित तौर पर अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने घर में मौजूद बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया। मौका मिलने पर बाथरूम का फर्श तोड़कर शव को गड्ढे में दबाया और ऊपर से मिट्टी डालकर अगले दिन नया प्लास्टर करा दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
पुराने केस की जांच में खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ, जब वर्ष 2017 के एक ट्रक चोरी के मामले में सत्यापन के लिए पुलिस सुरेंद्र शर्मा के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान रूबी ने पति के कई दिनों से लापता होने की बात कही। पुलिस के जाने के बाद वह घबरा गई और अपने जेठ को घर बुलाकर कथित रूप से पूरी घटना बता दी। जेठ ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान वहां से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
रोज उसी बाथरूम में करती थी स्नान
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शव दफनाने के बाद वह रोज उसी बाथरूम में नहाती थी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के बयान की अन्य साक्ष्यों से पुष्टि की जा रही है।
कई एंगल से जांच जारी
जांच एजेंसियों ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट सर्च हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और बच्चों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अकेले एक महिला द्वारा शव को बाथरूम तक ले जाकर फर्श के नीचे दफनाना आसान नहीं है। ऐसे में इस बात की भी जांच की जा रही है कि वारदात या शव ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- हर दिन तनाव से टूट रहे 64 लोग, छत्तीसगढ़ में एक साल में 23 हजार कॉल, हर तीसरे शख्स में डिप्रेशन के लक्षण



