व्यायाम शिक्षक के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती हो : वतन चन्द्राकर, सदस्य जिला पंचायत
जिला पंचायत सदस्य बोले- रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती से युवाओं को मिलेगा रोजगार, स्कूलों में मजबूत होगी खेल संस्कृति
आरंग। रायपुर जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने छत्तीसगढ़ के सरकारी विद्यालयों में व्यायाम शिक्षक (पीटीआई) के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए कहा है कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित एवं योग्य युवा वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रिक्त पदों के कारण विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि व्यायाम शिक्षक के पद स्वीकृत एवं रिक्त हैं तो सरकार को बिना किसी विलंब के पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करनी चाहिए। इससे एक ओर शिक्षित युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
लोकतंत्र में युवाओं की आवाज दबाना उचित नहीं
वतन चन्द्राकर ने सोशल मीडिया पर भर्ती की मांग से जुड़ी पोस्ट हटाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं को अपनी मांग शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रखने का पूरा अधिकार है। उनकी आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
मुख्यमंत्री से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग से व्यायाम शिक्षक के सभी रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए।
हर विद्यालय में हो प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षक
वतन चन्द्राकर ने कहा कि स्वस्थ एवं खेल प्रतिभाओं से समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक सरकारी विद्यालय में प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित होगी। इससे विद्यार्थियों में खेल भावना का विकास होगा और प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।
यह भी पढ़े :- CJP के समर्थन में सपा का संसद से जंतर-मंतर तक मार्च, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज को बताया लोकतंत्र पर हमला



