CJP के समर्थन में सपा का संसद से जंतर-मंतर तक मार्च, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज को बताया लोकतंत्र पर हमला

SP Support CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के बीच समाजवादी पार्टी खुलकर उनके समर्थन में उतर आई। सपा सांसद डिंपल यादव पार्टी के अन्य सांसदों के साथ संसद से जंतर-मंतर तक मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने पहुंची। इस दौरान सपा नेताओं ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की और सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि देश की बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है, जहां युवा अपनी बात रखना चाहते हैं और सरकार उनको सुनना नहीं चाहती है, संवाद नहीं करना चाहती है। हम छात्रों के साथ हैं। हम चाहते हैं कि छात्रों की बात सुनी जाए। देशभर में किसान हों, पर्यावरण का मुद्दा हो या युवा हो, हर कोई परेशान है, लेकिन सरकार कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं है। छात्र बस निष्पक्ष परीक्षा चाहते हैं।
सांसद डिंपल यादव ने आगे कहा कि आज लोकतंत्र के इतिहास में ये काला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पुलिस के आंखों में भी शर्मिंदगी दिख रही थी। कुछ पुलिसकर्मी गुंडे बने हुए थे। कुछ पुलिसवाले बिना वर्दी के आए और बच्चों को मारा है। बच्चों को करंट दिया, जहां नियम होता है कि आपको पैरों पर मारना है, वहां बच्चों के सीने पर मारा है, ये आघात भारत माता के सीने पर किया है। हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री को हटाएं, सरकार जिम्मेदारी ले। इतनी अहंकारी कठोर और निर्दयी सरकार शायद ही देश के इतिहास ने देखी हो। ये हमारे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण दिन रहा है। आज छात्र निहत्थे आए थे, उनके हाथ में कुछ नहीं था। वे खाली अपना बैग लेकर चल पड़े। वे अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाह रहे थे। NEET परीक्षा जो लीक हुई और छात्रों का भविष्य खराब हो रहा है। वे अपनी बात रखने के लिए दिल्ली आए थे। आज भाजपा ने पूरे देश को शर्मसार करने का काम किया है। (SP Support CJP Protest)

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह सरकार नहीं, अहंकार है। जब करोड़ों लोग इस आंदोलन से जुड़े हों, जिन बच्चों की जान गई, उनके लिए एक शब्द नहीं बोले। सरकार का इससे बड़ा अहंकार क्या हो सकता है। छात्र चाहते हैं कि सरकार उन्हें सुने लेकिन सरकार उन्हें नहीं सुनना चाहती है। सांसद अखिलेश यादव ने आगे कहा कि हमने सरकार और पुलिस का व्यवहार देखा, लाठी चलाना और आंसू गैस का इस्तेमाल देखा और सादे कपड़ों में पुलिस वालों का छात्रों और युवाओं के साथ बर्ताव देखा। सरकार को उम्मीद नहीं थी कि छात्र और युवा इतनी बड़ी संख्या में बाहर आएंगे। यह एक बड़ी विफलता है और इसी विफलता की वजह से लोग यहां जमा हुए हैं। सरकार सालों से छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वही गुस्सा अब दिख रहा है और एकजुटता साफ दिख रही है, इसीलिए देश के युवा इतनी बड़ी संख्या में यहां मौजूद हैं। आज हुई घटना को हम कल लोकसभा में उठाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों को पीटा जा रहा है। यह कैसी सरकार है? आप बच्चों की बात नहीं सुनना चाहते। अगर NEET परीक्षा हुई और उसमें गड़बड़ी हुई, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है? आप विश्वगुरु बनना चाहते हैं। आप दावा करते हैं कि दुनिया अमृत काल में है, फिर भी आप अपने मंत्रियों को नहीं हटा सकते। आपने नौकरियां या रोजगार नहीं दिया। अगर नौकरियां दी गई होती तो क्या बच्चे सड़कों पर उतरते? अभी मुख्य सवाल यह है कि NEET छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और यहां विरोध कर रहे छात्रों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए। जब लोग विरोध प्रदर्शन करते थे तो अंग्रेज उनकी बात सुनते थे। इसीलिए आज पूरी दुनिया में गांधी का सम्मान किया जाता है। उन्होंने विरोध का रास्ता दिखाया, जिस तरह से वे प्रदर्शनकारियों को हटा रहे हैं – उम्मीद है कि सरकार को अंत में सम्मानजनक विदाई न मिल जाए। (SP Support CJP Protest)

सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि जिस तरीके से देश के युवाओं के साथ और छात्रों के साथ व्यवहार इस सरकार का रहा है वो देखकर अफसोस हुआ। लाठीचार्ज हुआ, बच्चों के सर से खून बह रहा था, लड़कियों के कपड़े तक फाड़ रखे थे, जिस तरीके से अभद्रता का सबूत इस सरकार ने दिया है ये इनके अहंकार को दर्शाता है। ये लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं। ये बच्चे सिर्फ शिक्षा मंत्री का इस्तीफा चाहते हैं। प्रधानमंत्री का इस्तीफा कोई नहीं मांग रहा था, सरकार गिराने की कोई बात नहीं हो रही है। वहीं समाजवादी पार्टी सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि आज देश के भविष्य माने जाने वाले युवाओं और छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। हमने संसद में भी मजबूती से उनका पक्ष रखा है। हम चाहते हैं कि सरकार छात्रों से संवाद करे। (SP Support CJP Protest)



