Google Analytics —— Meta Pixel

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान जमकर हंगामा, बैरिकेड टूटे, प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल

CJP Protest in Delhi: राजधानी दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च ने हलचल मचा दी। जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच कई बार टकराव हुआ। बैरिकेड तोड़े गए, लाठीचार्ज हुआ, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और कई प्रदर्शनकारी समेत पुलिसकर्मी घायल हो गए। शाम तक पुलिस ने जंतर-मंतर का धरना स्थल खाली करा दिया, जबकि CJP ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। सुबह से ही जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती के साथ कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। सुबह आठ बजे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। करीब साढ़े नौ बजे संसद मार्च की तैयारी शुरू हुई और कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी बढ़ गई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, ASP-DSP स्तर के 92 अधिकारियों के तबादले, ओपी शर्मा को मिली मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी 

करीब 10 बजे प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें संसद मार्ग पर रोकने की कोशिश की, लेकिन कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर पार्लियामेंट स्ट्रीट तक पहुंच गए। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। करीब 11:30 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट पर एक बार फिर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हुए। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। पुलिस का आरोप है कि फिरोज शाह रोड और संसद मार्ग के आसपास प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिससे जवान घायल हुए। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने और सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की। इसके बाद संसद भवन की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भीड़ तितर-बितर हो गई। (CJP Protest in Delhi)

एहतियात के तौर पर संसद क्षेत्र के आसपास पांच मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए। उस समय प्रधानमंत्री समेत सभी सांसद संसद भवन के भीतर मौजूद थे। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे CJP के प्रतिनिधिमंडल और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने पहुंचा। दोपहर दो बजे CJP के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि CJP का दावा है कि बाद में अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया गया, जबकि दिल्ली पुलिस ने इस दावे से इनकार किया है। दोपहर बाद भी तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। करीब तीन बजे कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। वहीं शाम चार बजे के बाद रैपिड एक्शन फोर्स के जवान जंतर-मंतर पहुंचे और धरना स्थल खाली कराया। पुलिस ने मंच हटवाया, टेंट उखाड़े और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। इस दौरान फिर लाठीचार्ज की घटनाएं सामने आईं। (CJP Protest in Delhi)

दूसरी ओर CJP प्रतिनिधिमंडल ने शाम करीब चार बजे केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा को लिखित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और NEET परीक्षा की तैयारी के दौरान जान गंवाने वाले 20 से ज्यादा छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि जब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 बजे से हमारी बातचीत चल रही है। बैठक अच्छे माहौल में हुई। उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ शुरुआती बातचीत विस्तार से हुई और शाम करीब 4 बजे उन्होंने मुझे एक लिखित ज्ञापन सौंपा। मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अपना धरना खत्म करने और हालात सामान्य करने में प्रशासन की मदद करने का आग्रह किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हमने जेपी नड्डा से दो बार मुलाकात की। बैठक के दौरान हमने अपनी तीन मांगें रखीं। पहली, सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा किया जाए। दूसरी, हमारी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। उन्हें या तो कैबिनेट से बर्खास्त किया जाए या वे खुद इस्तीफा दें। जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। तीसरी, हमारी मांग है कि NEET की तैयारी करने वाले उन छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, जिनमें से 20 से ज्यादा छात्रों की मौत हो चुकी है। हम इन्हीं मांगों को लेकर जेपी नड्डा से मिले। दिनभर चले इस घटनाक्रम ने संसद परिसर और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव समेत कानून व्यवस्था भंग करने के मामलों में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं CJP ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। (CJP Protest in Delhi)

वहीं दिल्ली पुलिस के एडिशनल CP/PRO राजीव रंजन ने प्रदर्शनकारियों से शांति की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करती है। सभी लोगों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार करें, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों या कर्मियों के कानूनी निर्देशों का पालन करें। जनता को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी प्लेटफॉर्म के जरिए अफवाहों, गलत जानकारी या बिना पुष्टि वाली सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे जानकारी के लिए केवल विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें और शांति, सद्भाव व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों में जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस की ओर से हिंसा या लोगों को हिरासत में लेने की घटनाओं का जिक्र किया गया है। यह सूचित किया जाता है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और विरोध-प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है। सभी से अनुरोध है कि वे किसी भी अफवाह या गलतफहमी पर ध्यान न दें और उस जगह व उसके आस-पास शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें। इस बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट मंगाई है। गीतांजलि अंगमो की याचिका पर सुनवाई हुई, जिसकी अगली सुनवाई कल यानी 21 जुलाई को तय की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!