आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात अर्नब, आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश, मलकानगिरी में कई पुल और सड़कें बहीं

Impact of Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब देर रात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा गया। रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच चक्रवात ने तट पर दस्तक दी। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय समेत दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। चक्रवात के असर से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि ओडिशा के दक्षिणी जिलों में सड़क और पुल क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। चक्रवात अर्नब के खतरे को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने पहले ही संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव की तैयारी कर ली थी। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया, जबकि प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें:- रात में नाबालिग को घर से बुलाया, सुनसान मकान में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप; युवक जेल गया
चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। मलकानगिरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई पुल और सड़कें पानी के तेज बहाव में बह गईं। इससे मलकानगिरी, कालीमेला, मोटू और पोडिया के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। NH-326 पर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। कई जगह सड़क पर पानी भर गया है, वहीं पुलों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हुआ है। प्रशासन की ओर से प्रभावित मार्गों पर आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दक्षिण ओडिशा के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। राहत और बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
कलिंगपट्टनम में 75 किमी प्रति घंटे तक चली हवाएं
आंध्र प्रदेश में भी चक्रवात अर्नब का असर साफ दिखाई दिया। श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। हवाओं की रफ्तार करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। तटीय इलाकों में चक्रवात के पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने लोगों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई थी। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चक्रवात अर्नब का असर विजयवाड़ा में भी दिखाई दिया। शहर में सुबह से लगातार बारिश होती रही, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के कारण आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। लगातार बारिश को देखते हुए शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई। प्रशासन की टीमें जलभराव वाले इलाकों में स्थिति पर नजर रख रही हैं। (Impact of Cyclone Arnab)
पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट
चक्रवात अर्नब का असर पश्चिम बंगाल तक भी पहुंचा है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। साउथ 24 परगना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तटीय इलाकों के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा जताया गया है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। बारिश के बीच सड़कों पर लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट तक पहुंचा। इसके बाद यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले छह घंटे में इसकी गति करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे रही। चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ इसकी तीव्रता में कमी आने की संभावना है, लेकिन इससे पैदा हुई नमी के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर अभी जारी रह सकता है।
प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव अभियान जारी
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव टीमों को तैनात किया है। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही सड़क और पुलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती दक्षिण ओडिशा के उन इलाकों में बनी हुई है जहां पुल और सड़कें बहने के कारण कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाना और सड़क संपर्क बहाल करना है। चक्रवात अर्नब के कमजोर पड़ने के बावजूद मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी रखी है। ऐसे में अगले 24 से 48 घंटे आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के राज्यों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। (Impact of Cyclone Arnab)
क्या होते हैं चक्रवात और कैसे बनते हैं ?
चक्रवात एक तरह का गोलाकार तूफानी सिस्टम होता है, जो मुख्य रूप से गर्म समुद्र के ऊपर बनता है। साइक्लोन शब्द ग्रीक भाषा के साइक्लोस से लिया गया है, जिसका मतलब सांप की कुंडली से है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले ट्रॉपिकल साइक्लोन भी सैटेलाइट तस्वीरों में कुंडली मारे सांप की तरह दिखाई देते हैं। जब चक्रवात जमीन की ओर बढ़ता है तो अपने साथ तेज हवाएं और भारी बारिश लेकर आता है। इसकी हवाओं की रफ्तार इतनी ज्यादा हो सकती है कि रास्ते में आने वाले पेड़, बिजली के खंभे, वाहन और कमजोर निर्माण क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। तटीय इलाकों में चक्रवात के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने और जलभराव का खतरा भी बढ़ जाता है। चक्रवात बनने की प्रक्रिया गर्म समुद्र से शुरू होती है। समुद्र का पानी जब पर्याप्त गर्म होता है तो उसके ऊपर मौजूद हवा भी गर्म और नम हो जाती है। गर्म और नम हवा हल्की होने के कारण ऊपर उठने लगती है। इसके कारण समुद्र की सतह के पास हवा का दबाव यानी वायुदाब कम हो जाता है। इस कम दबाव वाले क्षेत्र को भरने के लिए आसपास की हवा तेजी से वहां पहुंचती है। नई आने वाली हवा भी समुद्र की गर्मी से गर्म और नम होती है और ऊपर उठने लगती है। इस तरह गर्म हवा के ऊपर उठने और आसपास की हवा के उस क्षेत्र में आने का सिलसिला लगातार चलता रहता है।
ऐसे बनते हैं बादल और मजबूत होता है सिस्टम
जैसे-जैसे गर्म और नम हवा ऊपर उठती है, उसमें मौजूद जलवाष्प ठंडी होकर संघनित होने लगती है। इससे बादल बनने लगते हैं। जलवाष्प के संघनन के दौरान गर्मी निकलती है, जिससे ऊपर उठती हवा को और ऊर्जा मिलती है। इसके बाद यह प्रक्रिया एक चक्र की तरह चलती रहती है। ज्यादा नमी ऊपर जाती है, ज्यादा बादल बनते हैं और कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होता जाता है। पृथ्वी के घूमने के कारण हवा सीधी रेखा में अंदर जाने के बजाय घूमने लगती है। धीरे-धीरे यह पूरा सिस्टम एक बड़े घूमते हुए तूफान का रूप ले सकता है। जब तूफानी सिस्टम तेजी से घूमने लगता है तो उसके बीच में एक अपेक्षाकृत शांत क्षेत्र विकसित हो सकता है, जिसे ‘आई ऑफ द साइक्लोन’ यानी चक्रवात की आंख कहा जाता है। चक्रवात की आंख के आसपास सबसे शक्तिशाली हवाएं और भारी बारिश वाला क्षेत्र होता है। इसके विपरीत आंख के अंदर कुछ समय के लिए मौसम अपेक्षाकृत शांत दिखाई दे सकता है। हालांकि आंख के पार जाने के बाद दूसरी तरफ फिर से तेज हवाएं और भारी बारिश शुरू हो सकती है। (Impact of Cyclone Arnab)
कितने तापमान पर बनते हैं चक्रवात ?
ट्रॉपिकल चक्रवातों के लिए समुद्र की सतह का पर्याप्त गर्म होना जरूरी है। आम तौर पर समुद्र की सतह का तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर चक्रवाती सिस्टम के विकसित होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। यही वजह है कि चक्रवात आमतौर पर उष्णकटिबंधीय यानी ट्रॉपिकल क्षेत्रों के गर्म समुद्री इलाकों में ज्यादा बनते हैं। ठंडे समुद्री क्षेत्रों में इनके बनने की संभावना काफी कम होती है। समुद्र के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का मतलब यह नहीं है कि वह तुरंत चक्रवात बन जाएगा। इसके लिए समुद्र का तापमान, वातावरण में नमी, हवा की दिशा और ऊंचाई के साथ हवा की गति में अंतर यानी विंड शीयर समेत कई परिस्थितियों का अनुकूल होना जरूरी होता है। जब ये परिस्थितियां एक साथ अनुकूल होती हैं तो कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर डिप्रेशन, डीप डिप्रेशन और आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसी पूरी प्रक्रिया के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर जैसे गर्म समुद्री क्षेत्रों में मानसून के दौरान और उसके आसपास चक्रवाती सिस्टम बनने की संभावना बनी रहती है।



