अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण, वर्चुअल जुड़ेंगे 114 निकाय

Inauguration of Atal Campuses: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के 115 शहरों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इनका लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम से 114 नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री साय 25 दिसंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे रायपुर के अटल एक्सप्रेस-वे में फुंडहर चौक पर स्थापित अटल बिहारी की मूर्ति का अनावरण और अटल परिसर का लोकर्पण करेंगे।
यह भी पढ़ें:- सर्पदंश से मजदूर की मौत के 9 साल बाद भी मुआवजा नहीं, बिलासपुर हाईकोर्ट ने बालोद और बालाघाट कलेक्टर को जारी किया नोटिस
डिप्टी CM अरुण साव ने रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में 115 निकायों में अटल परिसरों के लोकार्पण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और देश के विकास को नई दिशा देने वाले कई योजनाओं के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 25 दिसंबर को 101वीं जयंती है। अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष को छत्तीसगढ़ सरकार अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण और इसके विकास में उनके योगदान को रेखांकित करने, उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने उनके जन्म शताब्दी वर्ष में राज्य के हर नगरीय निकाय में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। (Inauguration of Atal Campuses)
अटल जी के 101वीं जयंती
डिप्टी CM साव ने बताया कि अटलजी के 101वीं जयंती पर एक साथ राज्य के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण किया जा रहा है। 11 नगर निगमों, 28 नगर पालिकाओं और 76 नगर पंचायतों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण होगा। उन्होंने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद 2024 में अपने प्रथम विधानसभा सत्र में ही सरकार ने सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण की घोषणा की थी। इसके निर्माण के लिए राज्य के 14 नगर निगमों को 50-50 लाख रुपए, 56 नगर पालिकाओं को 30-30 लाख रुपए और 122 नगर पंचायतों को 20-20 लाख रुपए दिए गए हैं।
46 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से निर्माण
192 नगरीय निकायों में कुल 46 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। साव ने बताया कि पिछले साल 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अटलजी की 100वीं जयंती पर एक साथ 163 नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसदों, विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से 60 निकायों में अटल परिसर का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है।
अटल जी की प्रतिमा की स्थापना
बाकी नगरीय निकायों में भी अटल परिसर के निर्माण का काम प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि शहरों में अटल परिसर का निर्माण प्रमुख स्थलों और उद्यानों में किया गया है। इसमें अटलजी की प्रतिमा की स्थापना के साथ-साथ परिसर और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण-विकास भी किया जा रहा है। अटल परिसर से नागरिकों को एक आकर्षक, मनोरंजक और सक्रिय सामाजिक-सांस्कृतिक स्थल की सुविधा मिलेगी। नगरीय प्रशासन और विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ शशांक पांडेय भी प्रेस-कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। (Inauguration of Atal Campuses)



