Google Analytics —— Meta Pixel

बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बाबा गुरु घासीदास जयंती श्रद्धा, एकता और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न

Guru Ghasidas Jayanti: रायपुर के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की जयंती के अवसर पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के समीप मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। कार्यक्रम में पंथी नृत्य, शोभायात्रा और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग और कॉलोनीवासी शामिल हुए।

यह भी पढ़ें:- अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण, वर्चुअल जुड़ेंगे 114 निकाय

समारोह के मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत कोसरिया

समारोह के मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत कोसरिया ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास केवल एक संत नहीं, बल्कि समाज की चेतना थे। उनका “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी सामाजिक न्याय, समानता और मानव गरिमा का आधार है। उन्होंने समाज की एकता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया और बाबा की शिक्षाओं को जीवन में उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि ने युवाओं से नशे से दूर रहने, शिक्षा को जीवन का आधार बनाने और महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देने का आह्वान किया। (Guru Ghasidas Jayanti)

उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए मार्ग को केवल जयंती तक सीमित न रखते हुए, दैनिक जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासियों की ओर से आयोजित इस एकजुट और अनुशासित आयोजन की उन्होंने सराहना की और इसे बाबा के संदेशों का जीवंत उदाहरण बताया। विशिष्ट अतिथि ग्रीन्स विले सोसाइटी के अध्यक्ष देवता दीन दुबे ने बाबा गुरु घासीदास के सात सिद्धांतों और 42 अमृतवाणियों को आज के समाज के लिए अनुकरणीय बताया। रोजवुड कॉलोनी के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश दास वैष्णव और ग्रीन्स विले सोसाइटी के पदाधिकारी राजेश सिंह ने “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को विस्तार से रखते हुए सामाजिक समरसता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान सत्य के प्रकाश पंथी पार्टी, भैंसमुड़ा और गुरुबाबा बालक दास पंथी पार्टी, हल्दी की ओर से प्रस्तुत आकर्षक पंथी नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। जय सतनाम के जयकारों के साथ श्वेत ध्वजवाहकों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सत्य, अहिंसा, मानवता और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर सतनाम सेवा समिति हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के संरक्षक विजय शंकर टंडन, अध्यक्ष मेघनाथ रात्रें, उपाध्यक्ष धनेश घृतलहरे, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय लहरे, सह-कोषाध्यक्ष संजय कोसले सहित समिति के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत बोरियाकला के उप सरपंच भागीरथी पांडे, डॉ. कविता कोसरिया, रेखा नाग सहित आयोजन समिति के सदस्य और समाज-कॉलोनी के नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संजय लहरे ने कुशलता, सधे हुए शब्दों और गरिमापूर्ण अंदाज में किया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की। (Guru Ghasidas Jayanti)

Back to top button
error: Content is protected !!