मानसून ने देश के 97% हिस्से को किया कवर, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट, अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी

India Monsoon Update 2026: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के लगभग 97 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। इसके सक्रिय होने के साथ ही देश के अधिकांश राज्यों में अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन कई इलाकों में यही बारिश अब आफत बनती जा रही है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर के कई राज्यों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि कई स्थानों पर अत्यधिक वर्षा, बाढ़, लैंडस्लाइड और बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें:- देशभर में बारिश का कहर, महाराष्ट्र में 3 हजार LPG सिलेंडर नदी में बहे, कई राज्यों में बाढ़ और लैंडस्लाइड से जनजीवन बेहाल
अगले तीन दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दायरा तेजी से बढ़ सकता है। बुधवार को चित्रकूट में सबसे ज्यादा 144.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बदायूं, सिद्धार्थनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बांदा में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। बिहार के 30 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। गोपालगंज में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। खगड़िया, भागलपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है।
हरियाणा में छह शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में लगातार दूसरे दिन बारिश जारी है। गुरुग्राम, पानीपत, करनाल, सोनीपत, रोहतक और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है। इन इलाकों में 120 मिलीमीटर या उससे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। आठ अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते पांच जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा में भारी वर्षा का अलर्ट जारी है। राज्य की 71 सड़कें बंद हैं, जबकि कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। (India Monsoon Update 2026)
अगले दो दिन कहां सबसे ज्यादा खतरा
10 जुलाई को केरल के तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पश्चिम बंगाल के दो जिलों में रेड और तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के पांच जिलों में रेड और आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 11 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के समुद्र तटीय इलाकों में भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम का खतरा काफी बढ़ जाता है। बारिश होने पर चालक कम दृश्यता, पानी भरी सड़कों और गड्ढों के कारण सामान्य से 10 से 15 प्रतिशत धीमी गति से वाहन चलाते हैं। (India Monsoon Update 2026)
देशभर में तापमान में गिरावट
दूसरी ओर बारिश से बचने के लिए ज्यादा लोग निजी कारों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे सड़कों पर वाहनों की संख्या भी बढ़ जाती है। यही कारण है कि महानगरों में थोड़ी देर की बारिश भी लंबा जाम पैदा कर देती है। लगातार बारिश के कारण अधिकांश राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। दिल्ली में सुबह का तापमान 28 डिग्री, भोपाल 28 डिग्री, मुंबई 31 डिग्री, लखनऊ 31 डिग्री, देहरादून 25 डिग्री और शिमला 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून अब अपने चरम चरण में प्रवेश कर रहा है, इसलिए जुलाई के दूसरे और तीसरे हफ्ते में देश के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।



