Google Analytics —— Meta Pixel

T-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को नहीं होगा भारत-पाक मैच, ICC ने कहा- पाकिस्तान अपने फैसले पर करे पुनर्विचार 

India-Pakistan Match Cancel: ICC T-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने रविवार शाम को आधिकारिक रूप से भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप स्टेज मैच के बॉयकॉट का ऐलान कर दिया। यह मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाना था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अगर टूर्नामेंट के नॉकआउट या सुपर-8 स्टेज में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं तो उस स्थिति में पाकिस्तान टीम मैच खेलेगी या नहीं। दरअसल, 24 जनवरी को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को T-20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया। इस फैसले का पाकिस्तान ने खुलकर विरोध किया।

यह भी पढ़ें:- मिलावटखोरों पर शिकंजा, प्रदेशभर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, महासमुंद में 15.50 लाख का जुर्माना

पाकिस्तान का कहना है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है और इसी के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। इसके बाद ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। पाकिस्तान सरकार ने X पर पोस्ट जारी कर कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति देती है। हालांकि पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में भाग नहीं लेगी। सरकार का यह फैसला ICC की ओर से बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाए जाने के बाद लिया गया है। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया था। (India-Pakistan Match Cancel)

पाकिस्तान अपने फैसले पर पुनर्विचार करे: ICC

ICC ने रविवार रात करीब 11 बजे मीडिया रिलीज जारी करते हुए कहा कि हम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के आधिकारिक कन्फर्मेशन का इंतजार कर रहे हैं। ICC सदस्य देशों की सरकारों के फैसलों का सम्मान करता है, लेकिन पाकिस्तान का यह फैसला वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम को प्रभावित कर सकता है। ICC ने उम्मीद जताई है कि PCB सभी स्टेकहोल्डर्स को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर फिर से विचार करेगा, ताकि टूर्नामेंट की प्रतिस्पर्धात्मकता और संतुलन प्रभावित न हो। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर चर्चा हुई थी।

तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगा भारत

नकवी ने तब संकेत दिया था कि शुक्रवार या सोमवार तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा। रविवार को सरकार ने औपचारिक रूप से इस पर मुहर लगा दी। जानकारी के मुताबिक भारतीय टीम T-20 वर्ल्ड कप के लिए तय कार्यक्रम के मुताबिक ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी। टीम 15 फरवरी को श्रीलंका पहुंचेगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पालन करेगी। हालांकि भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अंतिम निर्णय मैच के दिन मैदान पर मौजूद मैच रेफरी की ओर से लिया जाएगा। बॉयकॉट के चलते दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अपने-अपने तीन मैच ही खेलेंगी। (India-Pakistan Match Cancel)

पाकिस्तान के ग्रुप मैच

  • 7 फरवरी- नीदरलैंड
  • 10 फरवरी- अमेरिका
  • 18 फरवरी- नामीबिया

भारत के ग्रुप मैच

  • 7 फरवरी- अमेरिका
  • 12 फरवरी- नामीबिया
  • 18 फरवरी- नीदरलैंड

वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड

T-20 और वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है। T-20 वर्ल्ड कप में कुल 8 मुकाबले हुए, जिसमें से 7 मैच भारत ने जीता। जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ एक मुकाबला ही जीत सकी। वहीं वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने अब तक खेले गए सभी 8 मैच जीते हैं। भारत और पाकिस्तान ग्रुप-ए में शामिल हैं, जहां नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका की टीमें भी मौजूद हैं। चारों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। पाकिस्तान के बॉयकॉट का सीधा फायदा भारत को मिलेगा। ICC नियमों के मुताबिक भारत को इस मैच के पूरे 2 अंक मिलेंगे, जिससे उसका सुपर-8 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। (India-Pakistan Match Cancel)

ICC और ब्रॉडकास्टर को कितना नुकसान ?

ICC प्लेइंग कंडीशन के अनुसार पाकिस्तान को 20 ओवर में 0 रन माने जाएंगे। भारत का कोई ओवर काउंट नहीं होगा। इससे पाकिस्तान का रन रेट निगेटिव में जा सकता है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा देखे जाने वाला मैच होता है। कई बार इसकी व्यूअरशिप फाइनल से भी ज्यादा रहती है। इस मैच से होने वाली कमाई पूरे वर्ल्ड कप की कुल कमाई का 8 से 10% तक होती है। ICC को सीधा नुकसान नहीं, क्योंकि मीडिया राइट्स पहले ही बिक चुके हैं। सबसे बड़ा नुकसान ब्रॉडकास्टर को होगा, जिसने पहले से सभी विज्ञापन स्लॉट बेच दिए हैं। ब्रॉडकास्टर ICC से मुआवजे की मांग कर सकते हैं।

नकवी ने क्यों दी थी वर्ल्ड कप छोड़ने की धमकी ?

ICC की ओर से बांग्लादेश को बाहर किए जाने के बाद PCB चीफ मोहसिन नकवी ने वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी। उन्होंने पाकिस्तानी अखबार डॉन से कहा था कि ICC ने बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया है। अगर सरकार मना करेगी तो हम भी टूर्नामेंट नहीं खेलेंगे। इसके बाद ICC ने पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि वर्ल्ड कप से हटने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। बता दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के चलते BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी। KKR ने 3 जनवरी को उन्हें टीम से बाहर कर दिया। इसके विरोध में बांग्लादेश सरकार ने IPL मैचों के प्रसारण पर रोक लगाई। खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देकर वर्ल्ड कप वेन्यू बदलने की मांग की। इसी पूरे घटनाक्रम के बाद ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!