पुरी में धूमधाम से निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा, रायपुर में CM भूपेश और राज्यपाल ने की पूजा

Jagannath Yatra: ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बड़े ही धूमधाम से निकाली गई। सबसे आगे भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज। उनके पीछे देवी सुभद्रा का रथ दर्पदलन। वहीं आखिर में भगवान जगन्नाथ का रथ चला, जिसे नंदीघोष या गरुड़ध्वज के नाम से जाना जाता है। रथ यात्रा में करीब 25 लाख लोग शामिल हुए। बता दें कि भगवान बलभद्र, सुभद्रा और जगन्नाथ के रथ करीब ढाई से तीन किमी दूर गुंडिचा मंदिर तक जाती है। यात्रा में शामिल लोग रस्सियों के जरिए इन रथों को खींचते हैं। गुंडिचा मंदिर को भगवान की मौसी का घर माना जाता है। इसीलिए रथ यात्रा को गुंडिचा जात्रा भी कहते हैं।

यह भी पढ़ें:- कोई मेरे लिए कुर्ता लाया, कोई परिवार के लिए सुंदर साड़ी, इस प्रेम से मैं अभिभूत: CM भूपेश

रथयात्रा के दिन सुबह मंगला आरती के बाद भगवान को खिचड़ी का भोग लगाया गया। फिर रथों की पूजा कर बलभद्र, बहन सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ को रथ में बैठाया गया। पुरी के शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती ने प्रथम दर्शन किए। पुरी राजपरिवार के दिव्यसिंह देव ने रथ के सामने सोने के झाड़ू से बुहारा लगाया। इसके बाद रथ यात्रा शुरू हुई। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देशभर में निकाली जा रही है। ओडिशा के पुरी में होने वाली रथयात्रा के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में होती है। गृहमंत्री अमित शाह ने सुबह जमालपुर जगन्नाथ मंदिर में परिवार समेत मंगला आरती की। CM भूपेंद्र पटेल पाहिंद विधि कर रथ यात्रा की शुरुआत की। (Jagannath Yatra)

इधर, रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पूजा-अर्चना की। साथ ही प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं रथयात्रा से मुख्यमंत्री पूजा करके प्रतिमाओं को सिर पर विराजित करके रथ तक लेकर आए। मुख्यमंत्री ने रथयात्रा से पहले छेरापहरा (रथ के आगे सोने से बनी झाड़ू से बुहारना) की रस्म अदा की। वहीं राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन भी गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित जगन्नाथ महाप्रभु के रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। साथ ही भगवान के प्रथम सेवक के रूप में छेरा-पहरा की रस्म निभाई। (Jagannath Yatra)

दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर भगवान जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया। साथ ही राष्ट्रपति संपदा के कल्याण केंद्र और अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट में बच्चों के साथ बातचीत की। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से फोन पर चर्चा कर उन्हें जन्मदिन और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना की है। बता दें कि आज राष्ट्रपति का 65वां जन्मदिन है। (Jagannath Yatra)

Related Articles

Back to top button