फिर चरम पर ईरान-अमेरिका तनाव, सीजफायर खत्म, ट्रम्प ने दी बड़े हमले की चेतावनी, होर्मुज स्ट्रेट बना नया युद्धक्षेत्र

Iran US Tension 2026: अमेरिका और ईरान के बीच कुछ समय पहले हुआ सीजफायर अब पूरी तरह खत्म हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को NATO समिट के दौरान कहा कि अमेरिका बुधवार रात ईरान पर फिर से बड़ा सैन्य हमला कर सकता है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब ईरान के साथ किसी नए समझौते के पक्ष में नहीं है और अगर जरूरत पड़ी तो सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने मंगलवार देर रात ईरान के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर हुए ईरानी हमलों के जवाब में की गई।
यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट बैठक में बड़े ऐलान: उद्योग, शिक्षा और निवेश को बढ़ावा देने वाले 11 फैसलों पर मुहर
NATO समिट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने बीती रात ईरान पर बेहद शक्तिशाली हमला किया था और आवश्यकता पड़ने पर बुधवार रात भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान लंबे समय से मध्य-पूर्व में अस्थिरता फैलाने का प्रयास करता रहा है, लेकिन अब अमेरिका उसे ऐसा नहीं करने देगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान ईरानी नेतृत्व शांति की बात करता है, लेकिन बाद में अपने वादों से पीछे हट जाता है। इसी वजह से अब अमेरिका किसी नए समझौते में दिलचस्पी नहीं रखता। अमेरिकी सेना ने ईरान के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास स्थित शाहिद हक्कानी पोर्ट पर भी एयरस्ट्राइक की गई। हमले के बाद वहां से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। CENTCOM का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
होर्मुज स्ट्रेट बना संघर्ष का केंद्र
तनाव की सबसे बड़ी वजह होर्मुज स्ट्रेट बना हुआ है। मंगलवार को ईरान ने यहां तीन तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिनमें एक कतर का जहाज भी शामिल बताया गया। ईरान का कहना है कि जिन जहाजों ने उसके निर्धारित समुद्री मार्ग का पालन नहीं किया, उन्हें निशाना बनाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर जहाज ईरान की ओर से तय किए गए मार्ग का इस्तेमाल नहीं करेंगे तो उनकी सुरक्षा की गारंटी नहीं होगी। कतर ने उसके जहाज पर हुए हमले की तीखी निंदा करते हुए ईरान को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है। कतर ने कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा और वैश्विक व्यापार के लिए गंभीर खतरा हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि धमकियों और सैन्य दबाव के माहौल में अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले अमेरिका को अपने पुराने समझौतों का सम्मान करना होगा, उसके बाद ही किसी नई वार्ता पर विचार किया जा सकता है।
बहरीन और कुवैत में 85 ठिकानों पर हमला: IRGC
अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने बहरीन और कुवैत के आसपास 85 सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की है। इनमें बहरीन स्थित अमेरिकी पांचवें नौसैनिक बेड़े का मुख्यालय और कुवैत का अली अल सलेम एयर बेस भी शामिल बताया गया है। ईरान ने कहा कि अमेरिका को उसके हमलों का करारा जवाब दिया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए कि अमेरिका ईरान के खिलाफ फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर सकता है। उन्होंने कहा कि ईरान समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर सकता है, लेकिन अमेरिकी सेना उसकी छोटी नौकाओं को लगातार निशाना बना रही है। NATO महासचिव मार्क रुटे ने अमेरिकी कार्रवाई को आवश्यक बताया। उनका कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में कारोबारी जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका की सैन्य कार्रवाई उचित थी।
जहाजों की आवाजाही पर असर
तनाव बढ़ने के बाद कई तेल और गैस टैंकरों ने अपना रास्ता बदल लिया। रॉयटर्स के मुताबिक ‘अल घरिया’, ‘दुहैल’ और ‘अल रुवैस’ नाम के LNG टैंकर होर्मुज की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन हमलों के बाद वापस लौट गए। ये तीनों जहाज कतरएनर्जी के नियंत्रण में बताए गए हैं। वहीं भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर ‘लीला वादिनार’ भी ओमान के तट के पास से वापस लौट गया। दूसरी ओर कुछ बड़े जहाज, जिनमें UAE का ‘मरकरी होप’, जापान का ‘तेनजुन’ और इंडोनेशिया का ‘पर्टामिना प्राइड’ शामिल हैं, भारी सुरक्षा के बीच होर्मुज स्ट्रेट पार करने में सफल रहे। ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने दावा किया है कि ओमान वाले समुद्री मार्ग से गुजर रहे एक भारतीय तेल टैंकर को वापस लौटा दिया गया। एजेंसी के मुताबिक IRGC रेडियो संदेशों के जरिए जहाजों को ईरान द्वारा निर्धारित समुद्री मार्ग अपनाने का निर्देश दे रही है।
फिर कैसे बने युद्ध के हालात ?
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की अंतिम यात्रा भी जारी है। तेहरान के बाद कोम में भी लाखों लोगों की भीड़ उमड़ी। कई लोगों ने ताबूत पर लाल कपड़ा चढ़ाकर बदले का संदेश दिया। इसके बाद पार्थिव शरीर को इराक के नजफ ले जाया गया। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हवाई हमले किए, जिसके बाद खामेनेई के मारे जाने की खबर सामने आई और ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। 1 से 10 मार्च को ईरान ने अमेरिका, इजराइल और खाड़ी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन दागे। 15 मार्च को संयुक्त राष्ट्र समेत कई देशों ने युद्ध रोकने की अपील की। 7-8 अप्रैल को पाकिस्तान की मध्यस्थता में 60 दिन का अस्थायी सीजफायर हुआ। अप्रैल से जून तक परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों पर तीन दौर की वार्ता हुई।

17 जून को पाकिस्तान की मध्यस्थता से शांति समझौता हुआ। 27-29 जून को होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमलों के बाद दोनों देशों ने फिर एक-दूसरे पर सैन्य कार्रवाई की। 8 जुलाई 2026 को ट्रंप ने सीजफायर समाप्त होने की घोषणा करते हुए कहा कि अब अमेरिका ईरान के साथ कोई नया समझौता नहीं करेगा। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है। यहां बढ़ता सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर व्यापक असर डाल सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते सैन्य टकराव ने एक बार फिर पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।



