जबलपुर में कन्या भोज के बहाने बच्चियों पर जादू-टोना ?, महिला पर लगे गंभीर आरोप

Jabalpur Kanya Bhoj Case: नवरात्र के आखिरी दिन पूरे देश में कन्या भोज का आयोजन कर देवी स्वरूप बच्चियों को आमंत्रित किया जाता है। इस बीच जबलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर के रांझी थाना क्षेत्र स्थित बिलपुरा कॉलोनी में एक महिला पर कन्या भोज के बहाने बच्चियों के साथ जादू-टोना करने का गंभीर आरोप लगा है। बच्चियों के परिजनों ने इसकी शिकायत की है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- RSS के शताब्दी वर्ष पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस ने उठाए सवाल
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, भारती गुप्ता ने मोहल्ले की कुछ बच्चियों को नवरात्रि के अवसर पर कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बच्चियां डर के मारे घर से चीखती-चिल्लाती हुई बाहर भागती नजर आई। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। परिजनों और स्थानीयों का आरोप है कि महिला ने बच्चियों को खाने के लिए बुलाया जरूर, लेकिन घर के भीतर एक तांत्रिक क्रिया जैसा माहौल बना रखा था। कमरे में काली मां की मूर्ति, फरसा, नींबू, सिंदूर, बक्का और एक पुतले जैसी वस्तुएं रखी हुई थी। बच्चियों के सिर पर तेल लगाया गया, धागा बांधा गया और एक जग में कुछ मिलाकर पानी पिलाने की कोशिश की गई। इन गतिविधियों को देखकर बच्चियां घबरा गई और मौके का फायदा उठाकर किसी तरह भाग निकली। (Jabalpur Kanya Bhoj Case)
बच्ची ने बताई आपबीती
कन्या भोज में शामिल हुई एक बच्ची ने बताया कि आंटी हमें ऊपर छत से बुलाकर ले गई। उन्होंने हमारे सिर में तेल लगाया और धागा बांधा। फिर कहा एक-एक करके सब इधर आओ। हम जैसे ही जाने लगे, एक अंकल ने दरवाजा बंद कर दिया और ताली बजाने लगे। हमें डर लगा तो हम भागकर छत पर चले गए और शोर मचाने लगे। तभी आस-पड़ोस की आंटियों ने देखा और दरवाजा खुलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चियों के परिजन रांझी थाने पहुंचे। शिकायतकर्ता नेहा चौधरी, संध्या अहिरवार और अन्य महिलाओं ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चियों की मानसिक स्थिति पर असर पड़ सकता था। उनका आरोप है कि महिला तांत्रिक गतिविधियों के लिए बच्चियों को इस्तेमाल करना चाहती थी। (Jabalpur Kanya Bhoj Case)
जांच में जुटी रांझी पुलिस
मामला सामने आने के बाद रांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को थाने बुलाया। सब इंस्पेक्टर मयंक यादव ने कहा कि हमें परिजनों से शिकायत प्राप्त हुई है। बच्चियों के बयान दर्ज किए गए हैं और महिला से पूछताछ की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। CCTV फुटेज भी खंगाला जा रहा है।
क्या सच में था जादू-टोना ?
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या सच में महिला ने कोई तांत्रिक गतिविधि की थी या फिर बच्चियां किसी अन्य वजह से डर गई। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर और चर्चा का माहौल है।यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में कहीं किसी तरह की अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियां तो नहीं की जा रही ? पुलिस की जांच जारी है और परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। (Jabalpur Kanya Bhoj Case)



