हाईटेंशन लाइन से टकराई बस, सिलेंडर ब्लास्ट में 3 की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे, 15 दिनों में 5वां बड़ा हादसा

Jaipur Bus Accident: राजस्थान के जयपुर जिले में एक भयानक बस हादसा हुआ है, जहां बस हाईटेंशन लाइन से टकरा गई, जिससे बस में करंट उतर गया और आग लग गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 मजदूर झुलस गए। हादसा जयपुर से लगभग 50 किलोमीटर दूर मनोहरपुर इलाके में हुआ। मृतकों की पहचान नसीम अली हुसैन (50) और सहीनम (20) के रूप में हुई है। जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया कि बस में कुल 65 मजदूर सवार थे, जिन्हें टोडी स्थित ईंट भट्टे पर ले जाया जा रहा था। भट्टे पर पहुंचने से लगभग 300 मीटर पहले ही बस हादसे का शिकार हो गई।
यह भी पढ़ें:- आस्था से जुड़ा मुख्यमंत्री का कदम – भगवान जगन्नाथ को तुलसी अर्पित कर मांगा छत्तीसगढ़ के लिए मंगल आशीर्वाद
बस में सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से एक में विस्फोट हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसे हुए यात्रियों का इलाज सीएचसी शाहपुरा में जारी है, जिनमें नाजमा (उम्र 40), सितारा (उम्र 49), अजहर (उम्र 10), नसीम अल्ताफ (उम्र 19) और नहीम (उम्र 19) शामिल हैं। वहीं सीएचसी शाहपुरा में चंदा (उम्र 40) भर्ती है। बता दें कि देश में बीते 15 दिनों में बस में आग की यह 5वीं बड़ी घटना है। इससे पहले 14 अक्टूबर को जैसलमेर में बस में आग लगी थी। इसके बाद 24, 25 और 26 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में भी ऐसे ही हादसे हुए थे।

देश में बस में आग की बढ़ती घटनाएं
- 14 अक्टूबर को जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई थी, जिसमें 28 यात्रियों की मौत हुई थी।
- 24 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस और बाइक के टकराने से आग लगी थी, 20 लोगों की मौत हुई थी।
- 25 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में बस में आग लगी थी, लेकिन यात्रियों ने खुद को बचा लिया।
- 26 अक्टूबर को उत्तरप्रदेश के लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर AC बस का टायर फटने के बाद आग लगी थी, 70 यात्री बाल-बाल बचे थे।



