दिल्ली में जंतर-मंतर प्रदर्शन पर घमासान, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, केजरीवाल-ममता समेत हिरासत में कई नेता

Jantar Mantar Protest: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को रोकने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को आयोजित प्रदर्शन के दौरान कई जगह तनाव की स्थिति बन गई। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मिंटो ब्रिज और अन्य इलाकों में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। इस बीच कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 1,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें एक प्रदर्शनकारी का सिर फट गया, जबकि पत्थरबाजी में पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में पुलिस की सख्ती पर सियासत, विपक्ष ने लगाए तानाशाही के आरोप, BJP ने किया पलटवार
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय को हिरासत में लिया गया। ममता बनर्जी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अलावा वामपंथी संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई की गई। CPI(M) के महासचिव एमए बेबी, बृंदा करात और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी हिरासत में लिए गए हैं। चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को भी हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा, वकील प्रशांत भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और CPI(ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई लोग INA के पास से जंतर-मंतर की ओर मार्च करते हुए निकले। इस दौरान पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई। बंगला साहिब क्षेत्र और सुप्रीम कोर्ट के आसपास भी प्रदर्शनकारियों और वकीलों को हिरासत में लिया गया।
बैरिकेडिंग तोड़ने और पत्थरबाजी के बाद बढ़ा तनाव
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ। इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर पुलिस पर पत्थर फेंके। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी दी गई। कनॉट प्लेस में भी पत्थरबाजी के दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हुआ। वहीं दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नागेंद्र ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान हाथापाई हुई, जिसमें उनकी नेमप्लेट टूट गई। उन्होंने कहा कि एक पत्थर उनके जूते पर भी लगा था। यह घटना बाबा खड़क सिंह मार्ग के पास आर्य स्कूल लेन में हुई। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों को पकड़कर बसों और अन्य वाहनों में बैठाते देखा गया। कुछ जगह महिला प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। (Jantar Mantar Protest)
पहले ही हिरासत में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके
प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई से दिल्ली आ रही फ्लाइट में ही हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पार्टी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया गया। अभिजीत दीपके ने संभावित हिरासत की आशंका के चलते शुक्रवार रात एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो बनाया था। इसमें उन्होंने कहा कि अगर उन्हें हिरासत में लिया जाता है तो आंदोलन की जिम्मेदारी अजिंक्य शिंदे संभालेंगे। दीपके ने कहा कि प्रदर्शन जारी रहेगा और समर्थक जहां रोके जाएंगे, वहीं विरोध दर्ज कराएंगे। अजिंक्य शिंदे महाराष्ट्र के लातूर के रहने वाले हैं। 35 साल के शिंदे बीटेक कर चुके हैं और CJP में नेशनल ऑर्गनाइजेशन इंचार्ज हैं। इससे पहले वह आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र युवा इकाई के संयोजक रह चुके हैं।
वोटर लिस्ट और SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन बुलाया था। पार्टी की आपत्तियों में वोटर लिस्ट में बदलाव, फॉर्म-6 और चुनावी डेटा तक पहुंच जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की। CJP ने अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन रोकने की कार्रवाई बताया। पार्टी का कहना है कि नेताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हटाया और हिरासत में लिया। पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हिरासत की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
सुप्रीम कोर्ट के पास वकीलों का मार्च
अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज ने भी प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के कारण लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने में परेशानी हो रही है। मतदाताओं के अधिकारों को लेकर लोगों तक जानकारी पहुंचना जरूरी है। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के आसपास प्रदर्शन कर रहे कई वकीलों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के संजय कुमार ने इसकी जानकारी दी। सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन ने वकीलों की हिरासत के मामले में मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मेट्रो और रेल सेवाओं पर प्रतिबंधों को लेकर भी सवाल उठे। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षाबल तैनात किए गए। 30 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई और 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया। दिल्ली आने वाली 250 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया। इसके अलावा नमो भारत के दो स्टेशन और इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे इंटरनेट सेवा बंद रखा गया है। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, चुनाव आयोग के आसपास और अन्य संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई। दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा जांच बढ़ाई गई। (Jantar Mantar Protest)
कई संगठनों का समर्थन, कांग्रेस प्रदर्शन से दूर
प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी और वामपंथी संगठनों का समर्थन मिला। तृणमूल कांग्रेस ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। हालांकि कांग्रेस प्रदर्शन में शामिल नहीं हुआ। दिल्ली के अलावा चंडीगढ़ में भी AAP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की 85 साल दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित उनके पैतृक गांव संतुक पिंपरी में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। उनके निधन की सूचना दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को दे दी है। परिवार के सदस्य गांव पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि दीपके को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र जाने की अनुमति कब मिलेगी, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अभिजीत दीपके के हिरासत में लिए जाने के बाद CJP ने अजिंक्य शिंदे को आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर विरोध जारी रहेगा। दिल्ली में कई नेताओं और प्रदर्शनकारियों की हिरासत, पुलिस के साथ टकराव और यातायात प्रतिबंधों के बीच प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। (Jantar Mantar Protest)



