Google Analytics —— Meta Pixel

CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में पुलिस की सख्ती पर सियासत, विपक्ष ने लगाए तानाशाही के आरोप, BJP ने किया पलटवार

Politics on CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित छजारसी टोल प्लाजा पर पुलिस हाई अलर्ट पर है। चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ADCP अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि हमारे जनपद में BNSS की धारा 163 लागू है और उसके तहत यहां फोर्स तैनात की गई है, ताकि शांति व्यवस्था के प्रतिकूल स्थिति न उत्पन्न हो। इसलिए निगरानी रखी जा रही है। हमारी चेकिंग चल रही है और हम निगरानी रख रहे हैं। वहीं धौला कुआं में सुरक्षाबलों ने कई कंटेंट क्रिएटर्स समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जो महिला पुलिसकर्मी से बहस करते हुए नजर आए। शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि हमने यहां पूरी सख्ती कर रखी है और कमर्शियल वाहनों की जांच की जा रही है और फिर उनको आगे भेजा रहा है। ट्रैफिक स्टाफ को भी तैनात किया गया है। बाहरी फोर्स भी तैनात है। संवेदनशील इलाकों में गश्त की जा रही है। ड्रोन, CCTV के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें:- CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, जंतर-मंतर से बॉर्डर तक कड़ी सुरक्षा, 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, करीब 75 ट्रेनें रद्द

इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके आज होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे हैरानी होती है कि इस देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं और लोगों से इतना क्यों डरते हैं। सभी रेलवे सेवा बंद करने की क्या जरूरत थी? मेट्रो रोकने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें ब्लॉक कर दी। जम्मू-कश्मीर से सेना लाकर, उसे दिल्ली में तैनात किया। उन्होंने नक्सल-प्रभावित इलाकों से CRPF फोर्स बुलाई और उन्हें दिल्ली में तैनात किया। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के साथ जंग छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस और सेना की ताकत का इस्तेमाल करेंगे? उन्होंने आगे कहा कि PM मोदी डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि इसके बाद देश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। इसीलिए सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए वे लोगों को ट्रेनों से उठा रहे हैं। सोसायटी में घोषणा करके लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल न होने की चेतावनी दी जा रही है।

विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है: अभिजीत 

दिपके ने कहा कि दिल्ली पुलिस घरों में जाकर लोगों से विरोध प्रदर्शन में हिस्सा न लेने को कह रही है, लेकिन हम क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है। आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम ठीक यही करने वाले हैं। अगर वे मुझे हिरासत में लेना या गिरफ्तार करना चाहते हैं तो कर लें। मैं इसके लिए तैयार हूं। वे मुझे गिरफ्तार या हिरासत में ले लें। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। UAPA लगाएं, NSA लगाएं, जो चाहें करें, लेकिन हम आजाद और निष्पक्ष चुनाव और इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया में यह पहला उदाहरण है, जहां एक चोर को बचाने के लिए पूरे देश को छावनी में तबदील कर दिया गया है, पूरी दिल्ली बंद कर दी गई है।

विरोध प्रदर्शन का AAP समर्थन कर रही: सांसद संजय सिंह

AAP सांसद ने आगे कहा कि दिल्ली में आने वाली ट्रेन बंद कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सिर्फ एक चोर को बचाने के लिए आपातकाल से ज्यादा बुरी परिस्थिति पैदा कर दी गई है, क्योंकि उस वोट चोर ने वोट चोरी करके उनकी कई सरकारें बनवाई हैं। CJP के विरोध प्रदर्शन का AAP समर्थन कर रही है। मैं सभी साथियों से अपील करना चाहता हूं कि इसमें हमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है। हम जंतर-मंतर जाएंगे। यह देश किसी की तानाशाही से नहीं चल सकता है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हमारा लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार है। मैं प्रधानमंत्री मोदी को सलाह देना चाहता हूं कि वो बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। अगर आप लोगों की आवाज को दबाएंगे तो पूरे देश में और विद्रोह आपके खिलाफ खड़ा होगा, लोगों के मन में आक्रोश पैदा होगा। (Politics on CJP Protest)

ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सरकार क्या नहीं कर रही: गुरजीत 

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने CJP के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में किए गए सुरक्षा इंतजाम पर कहा कि यही तो उनकी तानाशाही है। ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सरकार क्या नहीं कर रही है। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि बाहरी राज्यों से आप पुलिस मंगवाकर ये क्यों कर रहे हैं? हजारों तरीके हैं, जहां बातचीत से हल निकल सकता है। आप आतंकवादियों से बात कर सकते हैं, संपर्क कर सकते हैं, लेकिन अपने देशवासियों से बात नहीं कर सकते? फिर ये दिखावा कि हमारे पास इतना बल और ताकत है। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि मुझे हंसी आती है कि सरकार इतनी डर गई, लोग परेशान हो गए। सुप्रीम कोर्ट तक को कहना पड़ा की ब्लैंकेट बैन क्यों लगा रहे हैं? कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि कब तक वे लोग आवाजें दबाते रहेंगे, कब तक लोगों को रोकते रहेंगे, कब तक पाबंदियां लगाते रहेंगे? कब तक वे ट्रेन, बसें बंद करेंगे? लोगों की आवाज गूंजेगी।

पूरे देश के बच्चे देश की आजादी के लिए लड़ रहे: पप्पू यादव

कांग्रेस सांसद रणजीत रंजन ने कहा कि हम सभी मिलकर चुनावी प्रक्रिया में जो चोरी हुई है, उसके खिलाफ लड़ रहे हैं और इन मांगों को रख रहे हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार इतनी डरी हुई है कि खुद ट्रेन बंद कर रही है। पूरी दिल्ली में ट्रेन बंद है, मेट्रो बंद है, नेट बंद है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि अब पूरे देश का विपक्ष एक है। अब तो पूरे देश के बच्चे देश की आजादी के लिए लड़ रहे हैं। नए अंग्रेज के खिलाफ ये युद्ध है। इस पर बीजेपी नेताओं ने पलटवार किया है। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि पुलिस-प्रशासन सतर्क है। किसी को आंदोलन करने के लिए मनाही नहीं है। देश में लोकतंत्र है और कोई भी आंदोलन के माध्यम से अपनी बात रख सकता है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का जो प्रयास हो रहा है, उसको रोकना चाहिए। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था करने का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना है, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है।

लोकतंत्र में अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी: सरावगी 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है। संविधान के दायरे में विरोध होना चाहिए। विपक्ष क्या चाहते हैं कि फर्जी वोटर मतदाता सूची में रहें ? बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि दुनिया की कोई ताकत मोदी सरकार को न डरा पाई है और न ही डरा पाएगी। ये तथाकथित अपंजीकृत कॉकरोच पार्टी है, इसको पार्टी नहीं कहा जा सकता है। सिरफरे लोगों का ये संगठन है, जो न कानून को मानते हैं, न संविधान को मानते हैं और न लोकतंत्र को मानते हैं। अराजकता की स्थिति उत्पन्न करके देश में अस्थिरता पैदा करने वाली ताकत है। मैं समझता हूं कि ऐसे लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो देश के हितकारक नहीं हैं और कुछ पार्टियां जिनके चेहरे के रूप में ये अपने आप को प्रस्तुत करने का काम कर रहे हैं। इस कारण सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए, अव्यवस्था और अराजकता को रोकने के लिए यह कदम उठाया है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कसा तंज

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि हम लोगों ने बिहार में भी देखा था कि कैसे आगजनी की घटना हुई तो सरकार तो हमेशा व्यवस्था करती ही है। आप अगर सरकार को चुनौती दें, विधि-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करें तो सरकार का दायित्व बनता है कि सरकार उसकी व्यवस्था कायम करे। ये कोई अलग बात नहीं है। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि ट्रेनें रद्द नहीं की गई, बल्कि उनके स्टेशन बदले गए हैं। मेट्रो की बात है तो हां, पिछली बार जो हुआ, उसके मद्देनजर पुलिस चिंता कर रही है। पिछली बार जिस प्रकार से दिल्ली में तोड़फोड़ हुई, पुलिसकर्मी पीटे गए, जिसे देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। उसी को देखते हुए पुलिस चिंता कर रही है कि फिर वैसा माहौल पैदा न हो। दूसरी बात ये कि अगर आपको प्रदर्शन की अनुमति चाहिए तो आपको कम से कम 10 दिन पहले अनुमति लेनी चाहिए। असल में ये सभी लोग अराजकतावादी लोग हैं। (Politics on CJP Protest)

Back to top button
error: Content is protected !!