कोरिया में ज्वेलरी व्यवसायी पर नकाबपोशों का हमला, डंडों से पीटकर लूट की कोशिश

Jewellery Businessman Attacked: कोरिया के नगर पालिका शिवपुर चरचा कॉलरी क्षेत्र में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरी की वारदातों के बाद अब लूट की कोशिशों ने क्षेत्रवासियों की चिंता और बढ़ा दी है। बीती रात वार्ड क्रमांक-14 में एक ज्वेलरी व्यवसायी पर नकाबपोश हमलावरों ने डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। वार्ड क्रमांक-14 को अब तक नगर का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता था। दरअसल, जोया ज्वेलर्स के संचालक जैनुद्दीन मंडल उर्फ कोची रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लेकर बाइक से घर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें:- दामाद ने ससुराल में लगाई आग, ससुर की जलकर मौत, गंभीर रूप से झुलसी सास
दुकान से उनका घर सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है। जब वे घर से करीब 20 मीटर पहले पहुंचे, तभी तीन नकाबपोश युवकों ने अचानक उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से जैनुद्दीन मंडल बाइक समेत नाली में गिर पड़े। इसी दौरान उनके हाथ से जेवरात से भरा बैग भी नाली में गिर गया, जिसे हमलावर देख नहीं पाए और वे लगातार उन पर प्रहार करते रहे। घायल जैनुद्दीन ने जोर-जोर से शोर मचाकर मदद मांगी तो उनकी पत्नी और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ देख हमलावर वहां से भाग निकले। (Jewellery Businessman Attacked)
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
घायल जैनुद्दीन मंडल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चरचा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचोंबीच और घनी आबादी वाले वार्ड में ऐसी घटना होना बेहद चिंताजनक है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रवासी लगातार बढ़ती अपराधिक घटनाओं और नशे के जाल को लेकर चिंता जता रहे हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। (Jewellery Businessman Attacked)



