कैफे में बनी हत्या की योजना, किले पर हुई रिहर्सल, फिर खाई में धक्का, पुलिस ने बताई केतन मर्डर की पूरी कहानी

Ketan Agarwal Murder Plot: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने पूरी साजिश की टाइमलाइन तैयार कर ली है। पुलिस का दावा है कि यह हत्या किसी हादसे का परिणाम नहीं थी, बल्कि कई सप्ताह तक योजनाबद्ध तरीके से रची गई साजिश थी। पुलिस के मुताबिक 31 मई को मंगेतर सिया गोयल के मन में केतन की हत्या का विचार आया और 18 जून को प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस योजना को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच के मुताबिक सगाई के बाद केतन अक्सर सिया को अपने साथ घूमने ले जाता था। उसे ट्रैकिंग का शौक था और वह कई बार लोहगढ़ किले जा चुका था। इसी दौरान सिया ने उसी जगह हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 5 जून को सिया ने केतन से दोबारा लोहगढ़ किला चलने की जिद की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। अगले दिन दोनों की बाली यात्रा तय थी। पुलिस का दावा है कि सिया ने जानबूझकर केतन का पासपोर्ट छिपा दिया, ताकि यात्रा रद्द हो जाए और आगे की योजना पर काम किया जा सके। पुलिस का दावा है कि 14 जून को दोनों फिर लोहगढ़ किले पहुंचे थे। इसी दौरान सिया ने केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। जब केतन ने पूछा कि धक्का क्यों दिया, तब सिया ने सांप से बचाने की बात कहकर मामला संभाल लिया। इतना ही नहीं, घर लौटने के बाद केतन ने अपने परिवार को बताया कि सिया ने उसकी जान बचाई। (Ketan Agarwal Murder Plot)
17 जून को कैफे में बनी आखिरी रणनीति
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दावा किया गया है कि 17 जून को सिया और चेतन पुणे के कोंढवा स्थित एक कैफे में मिले थे। पुलिस का कहना है कि यहीं बैठकर दोनों ने हत्या की अंतिम योजना बनाई। दोनों वारदात से पहले एक बार फिर लोहगढ़ किले भी गए थे, जहां हत्या की जगह तय की गई और पूरी योजना की रिहर्सल भी की गई। पुलिस के मुताबिक चेतन चौधरी ने अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए सुबह सात बजे मोबाइल डेटा बंद कर दिया। निजी मोबाइल दुकान पर छोड़ दिया और कर्मचारियों से कहा कि वे आने वाली कॉल रिसीव करें। वह कार के बजाय स्कूटर से करीब 90 किलोमीटर दूर लोहगढ़ किले पहुंचा, ताकि टोल प्लाजा पर उसकी कोई एंट्री दर्ज न हो।
हत्या के बाद फिर पहन ली हूडी
पुलिस का दावा है कि 33 डिग्री तापमान के बावजूद चेतन ने मोटी हूडी पहन रखी थी, जिससे सीसीटीवी में उसकी पहचान छिप सके। किले पर पहुंचने के बाद उसने हूडी उतार दी। दोपहर करीब ढाई बजे सुनसान चट्टान के पास सिया पानी पीने या जूते का फीता बांधने के बहाने बैठ गई। पुलिस के मुताबिक यही चेतन के लिए तय संकेत था। इसके बाद पीछे से आए चेतन ने केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया। पुलिस का कहना है कि सिया इसलिए बैठ गई थी, ताकि गिरते समय केतन उसे पकड़ न सके। वारदात के बाद चेतन ने दोबारा हूडी पहन ली और उसी स्कूटर से पुणे लौट गया। करीब 10 घंटे 40 मिनट तक इंटरनेट बंद रखने के बाद शाम 5:40 बजे उसने दोबारा मोबाइल डेटा चालू किया। (Ketan Agarwal Murder Plot)

तीन अहम सुरागों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान तीन बड़े सुराग मिले। पहला- घटना के बाद केतन की बहन के सवालों पर सिया के हावभाव संदिग्ध पाए गए। दूसरा- सीसीटीवी फुटेज में गर्मी के बावजूद हूडी पहने एक युवक दिखाई दिया। तीसरा- कॉल डिटेल रिकॉर्ड में सामने आया कि जनवरी से 18 जून तक सिया और एक नंबर के बीच 2004 कॉल हुईं और करीब 338 घंटे बातचीत हुई। जांच के बीच सिया और चेतन के दो पुराने वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में दोनों महाराष्ट्र क्रिकेट लीग का मैच देखते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरा वीडियो 17 जून का बताया जा रहा है, जिसमें दोनों पुणे के एक कैफे में साथ बैठे नजर आ रहे हैं। पुलिस इन वीडियो की भी फॉरेंसिक जांच कर रही है। (Ketan Agarwal Murder Plot)
6 दिन में दोनों आरोपी गिरफ्तार
18 जून को हुई हत्या के 6 दिन के भीतर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों एक-दूसरे को साजिश का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। पुलिस ने दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की और 28 जून को लोहगढ़ किले पर घटनास्थल का सीन भी रीक्रिएट कराया। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जा रही है। अब तक की जांच में पुलिस कई अहम कड़ियां जोड़ने का दावा कर रही है, लेकिन इस मामले की अंतिम तस्वीर कोर्ट में पेश होने वाले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के बाद ही साफ होगी। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजर पुलिस की चार्जशीट और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी है।



