केतन मर्डर केस में बड़ा खुलासा, शादी की शॉपिंग के नाम पर लिए 1 करोड़ प्रेमी को दिए, बाली ट्रिप रोकने के लिए पासपोर्ट भी छिपाया !

Ketan Murder Case Update: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने इस पूरे मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगेतर सिया गोयल ने शादी की खरीदारी के नाम पर केतन अग्रवाल से करीब एक करोड़ रुपए लिए थे, लेकिन शादी की तैयारियों पर खर्च करने के बजाय पूरी रकम अपने प्रेमी चेतन चौधरी को दे दी। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि 6 जून को केतन और सिया की इंडोनेशिया के बाली जाने की योजना थी। दोनों की प्री-वेडिंग ट्रिप पहले से तय थी, लेकिन सिया इस यात्रा पर नहीं जाना चाहती थी। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से उसने केतन का पासपोर्ट गायब कर दिया, ताकि यात्रा रद्द हो जाए।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में भारत के दुश्मनों का चुन-चुनकर सफाया, खौफ में हाफिज सईद का कुनबा
6 जून को केतन और सिया को एयरपोर्ट छोड़ने वाले कैब चालक वैभव जाधव ने पुलिस को दिए बयान में कई अहम बातें बताई हैं। वैभव के मुताबिक पूरे रास्ते सिया अपने भाई साहिल से फोन पर किसी बात को लेकर बहस करती रही। उसकी बातचीत और व्यवहार से ऐसा लग रहा था कि वह बाली जाने के पक्ष में नहीं थी। कैब चालक ने बताया कि रास्ते में एक जगह कार रुकी, जहां चार अन्य लोग भी सवार हुए। बाद में सभी एक फूड कोर्ट पर खाना खाने के लिए उतर गए। इसी दौरान सिया अकेले वापस आई और कार से कुछ सामान निकालकर अपने बूट (जूते) में छिपा लिया। इसके बाद वह सामान्य तरीके से वापस बाकी लोगों के साथ चली गई। (Ketan Murder Case Update)
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद आया पासपोर्ट का फोन
वैभव जाधव ने बताया कि एयरपोर्ट छोड़ने के कुछ देर बाद उसके पास फोन आया कि केतन का पासपोर्ट कैब में रह गया है। वह तुरंत एयरपोर्ट लौटा और सभी लोगों ने मिलकर कार की पूरी तलाशी ली, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिला। पुलिस का मानना है कि सिया ने जानबूझकर पासपोर्ट छिपा दिया था, ताकि बाली यात्रा रद्द हो जाए। पुलिस के मुताबिक सिया और चेतन लंबे समय से संपर्क में थे और दोनों ने शादी से पहले ही केतन को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। पुलिस डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस पूरे घटनाक्रम को जोड़ रही है। (Ketan Murder Case Update)
बचाव पक्ष ने पुलिस के दावों को बताया कमजोर
दूसरी ओर सिया गोयल के वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने पुलिस के सभी दावों को कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है। उनका कहना है कि पुलिस हिरासत में दिया गया कोई भी बयान भारतीय कानून के तहत प्रत्यक्ष सबूत नहीं माना जाता। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि शुरुआत में पुलिस ने इस घटना को हादसा क्यों माना और बाद में इसे हत्या का मामला कैसे घोषित कर दिया। वकील का कहना है कि सिया से पर्याप्त पूछताछ हो चुकी है और अब उसे आगे पुलिस रिमांड में रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। पुलिस अब एक करोड़ रुपए के लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े कई और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।



