गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी की लॉ स्टूडेंट ने दी जान, पिता की डांट और शादी के दबाव में उठाया आत्मघाती कदम

Law Student Commits Suicide: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की लॉ स्टूडेंट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। छात्रा BA LLB सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती जांच में खुदकुशी का कारण पिता की फटकार और परिजनों की ओर से शादी के लिए बनाया जा रहा दबाव बताया जा रहा है। घटना 14 अप्रैल की है। छात्रा की पहचान दृष्टि गुप्ता के रूप में हुई है, जिसका शव कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रिवर व्यू कॉलोनी में उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। दृष्टि मूल रूप से रायगढ़ की रहने वाली थी, जो पिछले दो साल से बिलासपुर में रहकर कानून की पढ़ाई कर रही थी।
यह भी पढ़ें:- सक्ती हादसे को लेकर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने दिया हत्या करार, जांच के लिए गठित की टीम
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल को कॉलेज से लौटने के बाद दृष्टि की बात उसके परिजनों से हुई थी। इसके बाद वह शाम को अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने चली गई थी और पूरी रात उनके साथ ही थी। मंगलवार सुबह जब वह वापस अपने कमरे पर लौटी तो उसकी फोन पर अपने पिता संजय गुप्ता से बात हुई। बताया जा रहा है कि रातभर बाहर रहने और पढ़ाई को लेकर पिता ने उसे कड़ी फटकार लगाई थी। पिता की डांट से नाराज होकर दृष्टि ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास रहने वाली छात्राओं ने उसे आवाज दी। रिस्पॉन्स न मिलने पर मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोनी पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो दृष्टि का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोसले ने कहा कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि दृष्टि काफी गुस्से वाले स्वभाव की थी। पिता की पढ़ाई के लिए दी गई डांट और संभावित रूप से शादी के दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। (Law Student Commits Suicide)
शादी का दबाव और मानसिक तनाव
दृष्टि के साथ पढ़ने वाले सहपाठियों ने पुलिस को एक महत्वपूर्ण जानकारी दी है। दोस्तों के मुताबिक दृष्टि पिछले कुछ समय से तनाव में थी, क्योंकि उसके घर वाले उस पर शादी करने का दबाव बना रहे थे। वह अभी अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती थी और फिलहाल शादी के पक्ष में नहीं थी। दोस्तों का मानना है कि करियर की चिंता और पारिवारिक दबाव के बीच वह खुद को संभाल नहीं पाई। फिलहाल पुलिस छात्रा के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। हॉस्टल और आसपास रहने वाले दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों के बिलासपुर पहुंचने के बाद उनसे विस्तार से पूछताछ की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव और परिजनों के साथ संवाद की कमी जैसे गंभीर विषयों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



