Google Analytics —— Meta Pixel

इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ सम्मेलन को लेकर नेता प्रतिपक्ष महंत का सरकार पर तंज, कहा- बिना दूल्हे की बारात

Mahant on Invest Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 8वें दिन प्रश्नकाल के दौरान इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ सम्मेलन का मुद्दा उठा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने साय सरकार से पूछा कि छत्तीसगढ़ में क्या दूल्हे के बिना बारात ले जाने की परंपरा है? उन्होंने कहा कि जनवरी 2024 से जनवरी 2025 तक उद्योगों की स्थापना के लिए कोई MoU नहीं हुआ है। ऐसे में इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ सम्मेलन बिना दूल्हे की बारात जैसी है। इस पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जवाब देते हुए बताया कि दिल्ली और मुंबई में इन्वेस्ट सम्मेलन आयोजित किए गए थे, जिसमें 31 कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई है। मंत्री ने कहा कि अब तक 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। उद्योग स्थापना की प्रक्रिया चल रही है।

यह भी पढ़ें:- Mahila Madai : राज्य स्तरीय महिला मड़ई को लोगों का मिल रहा अच्छा प्रतिसाद, अब तक 5 लाख रुपए से अधिक के सामग्रियों का हुआ विक्रय

नेता प्रतिपक्ष महंत ने फिर सवाल किया कि अब तक जमीन का चयन क्यों नहीं हुआ? इस पर मंत्री देवांगन ने कहा कि निवेशकों की मांग के अनुसार भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने विपक्ष को अगली बार इन्वेस्ट सम्मेलन में आमंत्रित करने की भी बात कही है। इसके बाद चरणदास महंत ने दिल्ली और मुंबई में हुए इन्वेस्ट सम्मेलन पर खर्च का सवाल उठाया। साथ ही पूछा कि दिल्ली में 1.03 करोड़ और मुंबई में 1.61 करोड़ रुपए खर्च हुए। क्या यह पैसा खाने-पीने की व्यवस्था पर खर्च हुआ? इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि उद्योगपतियों को बुलाने, होटल, किराया और अन्य खर्चों में यह राशि लगी। इस पर भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा- अगर इन्वेस्ट हो रहा है तो खिलाने-पिलाने में क्या दिक्कत है ? (Mahant on Invest Chhattisgarh)

CM साय ने 1 मार्च को की थी चर्चा

दरअसल, सरकार की ओर से लिखित जानकारी में बताया गया है कि जनवरी 2024 से जनवरी 2025 तक कोई MoU साइन नहीं हुआ है। हालांकि 31 इकाइयों को निवेश प्रस्ताव भेजे गए हैं और 22 हजार 557 लोगों के रोजगार की संभावना है। 1 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में फार्मा, रियल स्टेट और IT क्षेत्र के प्रतिनिधियों से चर्चा की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा था कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास और नव उद्यमिता के लिए अपार संभावनाओं से भरा राज्य है। यह राज्य वन, खनिज और ऊर्जा संसाधनों से समृद्ध है और बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्यों में शामिल है। इन संसाधनों के चलते यहां उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। सरकार निवेशकों और नव उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है, ताकि प्रदेश में आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को प्रोत्साहित किया जा सके। (Mahant on Invest Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!