Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में एग्जाम से एक दिन पहले TET पेपर लीक, सरकार ने रद्द की परीक्षा, विपक्ष हुई हमलावर

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक का मामला सामने आया है। ठाणे पुलिस ने भिवंडी के कोंगांव इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 28 जून को होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने परीक्षा तत्काल स्थगित कर दी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाणे के जॉइंट CP पंजाबराव उगाले की अगुवाई में SIT बनाने का आदेश दिया है। CM फडणवीस ने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और DGP सदानंद दाते से बात की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। घटना के बाद विपक्ष ने सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है, जबकि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दे रही है। बता दें कि कल यानी 28 जून को अलग-अलग सेंटर में TET की परीक्षा आयोजित होनी थी।

यह भी पढ़ें:- जनप्रतिनिधियों की है बड़ी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री साय

ठाणे के एडिशनल कमिश्नर अशोक दुधे ने बताया कि कल परीक्षा होने वाली थी, लेकिन आज सुबह यहां के DCP जोन-2 को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग कल की परीक्षा का प्रश्न पत्र बेचने के लिए भिवंडी आ रहे हैं। उन्होंने एक टीम बनाई और जाल बिछाया, जिसके बाद उनकी टीम ने कोंगांव इलाके में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से कुछ मोबाइल, डेबिट और क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए, 4 पेपर जब्त किए गए। सत्यापन करने पर पता चला कि यह वही पेपर है जो कल इस्तेमाल होने वाले थे। 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच जारी है। SIT का गठन किया गया है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आगे की जांच चल रही है और हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन शामिल है। DCP पवन बंसोद ने कहा कि हमें गोपनीय सूचना मिली थी कि भिवंडी में कुछ लोग TET के प्रश्न पत्र बेचने आने वाले हैं। हमने इन लोगों को पकड़ा, इनके पास से चार अलग-अलग पेपर के सेट मिले। हमने SIT टीमें बनाई है, जो इस मामले में जांच कर रही हैं। कोंगांव थाना क्षेत्र से इन्हें पकड़ा गया है। 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है, आगे की जांच जारी है। (Maharashtra TET Paper Leak)

इस सरकार में यह कोई नई बात नहीं: अखिलेश यादव

पेपर लीक के खुलासे के साथ ही सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में यह कोई नई बात नहीं है। शिक्षा, परीक्षा और पेपर लीक पहली बार नहीं हो रहा और सरकार अपनी गलती से सबक नहीं ले रही है। अगर विकसित भारत में पेपर लीक होंगे तो रोजगार कौन देगा? यह बड़ा सवाल है जिसका सरकार को कोई रास्ता निकालना चाहिए। जब तक भाजपा की सरकार है तब तक पेपर लीक होते रहेंगे। भाजपा हटेगी तो संकट दूर होगा। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि जब से यह सरकार आई है, इसने पेपर लीक और छात्रों का भविष्य अंधकार में डालने का रिकॉर्ड बनाया है। बड़ी-बड़ी बातें होती हैं, लेकिन कभी भी परीक्षा को गंभीरता से नहीं लिया गया। अभी भी समय है कि सरकार कदम उठाए और यह सुनिश्चित करे कि पेपर लीक न हो। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा कि NEET परीक्षा के बाद महाराष्ट्र रडार पर था। NEET पेपर लीक की शुरुआत महाराष्ट्र से ही हुई थी। आज ठाणे में TET पेपर लीक होने से छात्रों में एक बार फिर भारी निराशा हुई है। यह सरकार की नाकामयाबी है। अगर आप ठीक से परीक्षा आयोजित करना भी नहीं जानते, तो क्या इस सरकार को उस पद पर बने रहने का अधिकार है ?

यह गंभीर चिंता का विषय: कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि 25 तारीख को हमने लगभग देश में 28 जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उसमें हमने कहा कि 10 सालों में 89 पेपर लीक हुए हैं। कई पेपर लीक हुए हैं। आज महाराष्ट्र में TET पेपर लीक हुए हैं। बहुत बड़ा सवाल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सरकार पर उठता है कि आप लगातार पेपर लीक को रोकने में विफल हो रहे हैं। दूसरी तरफ सरकार ये मान भी नहीं रही कि यह गंभीर मामला है। वे इसे इतने हल्के में ले रहे हैं, जिसके कारण लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। जब तक सत्ता, शासन, NTA के लोग नहीं मिले होते तब तक इतना बड़ा खेल नहीं हो सकता। यह गंभीर चिंता का विषय है। क्या नैतिकता के आधार पर शिक्षा मंत्री को इस्तीफा नहीं देना चाहिए? AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि सरकार अपनी प्राथमिकताओं को पूरी तरह भूल गई है। यह पूरी तरह से नाकाम रही है। पहले NEET का पेपर लीक हुआ, जिससे 22 लाख छात्रों का भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? पेपर लीक सरकार की नाकामी की वजह से हुआ, लेकिन इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ा। किसी ने इस्तीफा नहीं दिया। (Maharashtra TET Paper Leak)

कोचिंग संस्थान वाले पेपर लीक का रैकेट चला रहे: संजय निरुपम

AIMIM नेता पठान ने आगे कहा कि अब TET परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। आप और कितने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेंगे? छात्र हमारे भारत का भविष्य हैं; सरकार को उनके भविष्य को खतरे में डालने का क्या अधिकार है? हम मांग करते हैं कि जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार है, उसे कड़ी सज़ा दी जाए। जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। यह बहुत गंभीर मामला है। सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। इस बीच शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि 28 जून को महाराष्ट्र में TET परीक्षा होने वाली थी। उसके पेपर लीक का जो प्रकरण आया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं महाराष्ट्र सरकार का शुक्रगुजार हूं कि उन्हें परीक्षा से पहले यह पता चला और उन्होंने यह परीक्षा स्थगित की। पेपर लीक करने वाला एक बहुत बड़ा माफिया तंत्र काम कर रहा है, यह जो कोचिंग संस्थान चलाने वाले लोग हैं, उनके कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चे सबसे ज्यादा कामयाब हों, इस स्पर्धा में कोचिंग संस्थान वाले पेपर लीक का रैकेट चला रहे हैं। मैं सरकार से अनुरोध करूंगा कि इसे गंभीरता से लिया जाए और सख्त कदम उठाए जाएं। (Maharashtra TET Paper Leak)

Back to top button
error: Content is protected !!