महतारी वंदन योजना को लेकर नहीं थम रहा रार, बैज ने सरकार पर फिर बोला हमला

Mahtari Vandan Yojana Politics: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को लेकर सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच PCC चीफ दीपक बैज ने फिर योजना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर भाजपा ने महिलाओं के साथ छल किया है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने लाखों महिलाओं से फार्म भरवाया था। अब फिर महिलाओं को लाइन में लगाकर क्यों फार्म भरवाया जा रहा है। विधानसभा चुनाव के समय भरवाए गए लाखों फार्म कहां चले गए। इसके बारे में भाजपा को बताना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- महतारी वंदन योजना महिलाओं के परिश्रम का सम्मान, छोटी-छोटी ख्वाहिशें अब नहीं रहेंगी अधूरी

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने महतारी वंदन योजना को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के पिछले सत्र में महतारी वंदन योजना की बात बढ़-चढ़कर की गई थी, लेकिन अब तक लागू नहीं हुआ। राज्यपाल के अभिभाषण में कहा गया है, लेकिन एक भी महिला को अब तक इस योजना का लाभ नहीं मिला है। ना किसानों को पैसा दिया, ना तो महतारी वंदन के तहत पैसा मिला। BJP धान का 3100 नहीं दे रही है। किसान दर-दर भटक रहे हैं। कांग्रेस के बयान का डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं और माताओं के स्वालंबन के लिए हैं। भाजपा के संकल्प पत्र में मोदी की गारंटी थी, उस वादे को पूरा किया जा रहा है। जरूरतमंदों की मदद के लिए योजना है। (Mahtari Vandan Yojana Politics)

उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से महिलाएं प्रदेश के विकास में योगदान देंगी। हम अपना वादा पूरा कर रहे हैं। पिछले 5 साल तक वादाखिलाफी का काम कांग्रेस ने किया। कांग्रेस को वादा खिलाफी का आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है। हमने जो वादा किया है उसे पूरा कर रहे हैं। महतारी वंदन योजना पर कांग्रेस के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सरकार में थी तब सिर्फ घोषणा करती थी। किसी भी घोषणा पर अमल नहीं किया, जिसका प्रतिशोध जनता ने लिया है। भाजपा की बातों में सच्चाई रहती है। वहीं कांग्रेस के बयान पर BJP प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने विपक्ष में रहते हुए सभी महतारियों से जो वादे किए थे, उसके अनुरूप राशि जारी करने का काम सरकार कर रही है। जब महिलाओं का सम्मान हो रहा है। (Mahtari Vandan Yojana Politics)

कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों हो रहा: BJP प्रदेश महामंत्री 

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आर्थिक स्थिति मजबूत करने राशि मिल रही है तो कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। महिलाओं का अपमान करने में कांग्रेस पीछे नहीं रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए इस तरह की कोई योजना नहीं थी। इसके बाद आनन-फानन में हमसे ज्यादा राशि देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ज्यादा राशि देने की घोषणा के बाद भी महिलाओं ने बीजेपी पर भरोसा रखा। कांग्रेस ने पांच साल पहले कहा था कि छत्तीसगढ़ में शराबबंदी करेंगे, लेकिन शराब से मिलने वाले आय के जरिए कांग्रेस ने अपने घर को मजबूत किया। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ की माताओं के लिए क्रांतिकारी कदम उठाया गया है। भाजपा की साय सरकार में महतारी वंदन योजना के तहत हमारी माता-बहनों को हर साल 12 हजार रुपए प्राप्त होंगे। माता-बहनों के हाथ में पैसे जाने से महिला सशक्त होगी। यह पैसे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण में खर्च होंगे। दूरगामी परिणाम के तहत इस योजना को लागू की गई है। ये क्रांतिकारी योजना साबित होगी। (Mahtari Vandan Yojana Politics)

Related Articles

Back to top button