महतारी वंदन योजना में कटे 1.55 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम, रायपुर में सबसे ज्यादा, फर्जीवाड़े ने खड़े किए सवाल
Mahtari Vandan Yojana Verification: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में बड़े पैमाने पर हितग्राहियों का सत्यापन किया गया है। इस प्रक्रिया में अब तक 1 लाख 55 हजार से ज्यादा महिलाओं के नाम योजना से हटाए गए हैं। सरकार का कहना है कि पात्रता की दोबारा जांच, हितग्राहियों की मृत्यु, दूसरे राज्यों में स्थानांतरण, आयु संबंधी बदलाव, दस्तावेजों में गड़बड़ी और फर्जी आवेदनों के कारण इन नामों को सूची से हटाया गया है। महिला और बाल विकास विभाग के मुताबिक रायपुर जिले में सबसे ज्यादा 12,043 हितग्राहियों के नाम हटाए गए, जबकि बीजापुर ऐसा एकमात्र जिला रहा, जहां सत्यापन के बाद 2,597 नई पात्र महिलाओं को जोड़ा गया, जिससे वहां लाभार्थियों की संख्या बढ़ गई।
यह भी पढ़ें:- निश्चय कार्यक्रम: रायपुर सेंट्रल जेल में अचार बनाकर आत्मनिर्भर बन रहीं महिला बंदी
जिलावार आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा नाम रायपुर से हटाए गए। इसके बाद दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बालोद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोंडागांव और अन्य जिलों में भी हजारों हितग्राहियों के नाम सूची से हटाए गए, जहां अधिकांश जिलों में लाभार्थियों की संख्या घटी, वहीं बीजापुर में 2,597 नए पात्र आवेदनों के सत्यापन के बाद महिलाओं को योजना से जोड़ा गया। अधिकारियों का कहना है कि जिन महिलाओं के नाम गलती से हट गए हैं या पात्र होने के बावजूद सूची में शामिल नहीं हैं, वे नियमानुसार दोबारा दावा प्रस्तुत कर सकती हैं। महतारी वंदन योजना साल 2024 में उस समय सुर्खियों में आई थी, जब बस्तर जिले के तालुर गांव में बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी के नाम से फर्जी आवेदन कर योजना की राशि निकालने का मामला सामने आया था।
तीन मामलों से समझिए क्यों कटे नाम
जांच में पता चला कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आवेदन किया गया था और वीरेंद्र कुमार जोशी के खाते में योजना की राशि ट्रांसफर हो रही थी। मामला सामने आने के बाद सनी लियोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि उनकी पहचान और नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बाद सरकार ने पूरे प्रदेश में सत्यापन अभियान तेज कर दिया। खैरागढ़ जिले के मुढ़ीपार के तिलोक साहू सीएससी सेंटर संचालित करता है, जिसने महतारी वंदन योजना में आवेदन कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि आवेदन में पति के नाम वाले कॉलम में भी तिलोक साहू ही लिखा गया था, फिर भी आवेदन स्वीकृत हो गया और करीब एक साल तक उसके खाते में योजना की राशि आती रही। आरटीआई के जरिए मामला सामने आने के बाद विभाग ने उसका नाम हटाकर रिकवरी शुरू कर दी। (Mahtari Vandan Yojana Verification)
विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलम सिंह कंवर ने भी योजना के तहत आवेदन किया था, लेकिन दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया और उनका नाम सूची से हटा दिया गया। बस्तर जिले के तालुर गांव में अभिनेत्री सनी लियोनी के नाम से फर्जी आवेदन कर सरकारी राशि निकाली गई। जांच के बाद मामला उजागर हुआ और संबंधित आवेदन निरस्त कर कार्रवाई शुरू की गई। बता दें कि 8 जुलाई को सामने आए खैरागढ़ के मामले ने विभागीय सत्यापन प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। तिलोक साहू के जमा किए आवेदन में हितग्राही और पति का नाम एक ही था, फिर भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर और विभागीय अधिकारियों ने इसे सत्यापित कर दिया। ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक 12 महीने तक भुगतान होता रहा, लेकिन बैंक को भेजे गए रिकवरी पत्र में सिर्फ 10 हजार रुपए की वसूली का उल्लेख था। इससे भुगतान और रिकवरी के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठे। (Mahtari Vandan Yojana Verification)
क्या है महतारी वंदन योजना ?
महिला और बाल विकास विभाग का कहना है कि योजना का उद्देश्य सिर्फ वास्तविक पात्र महिलाओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाना है। इसलिए समय-समय पर सत्यापन किया जा रहा है। सरकार के मुताबिक जिन कारणों से नाम हटाए गए, उनमें हितग्राही की मृत्यु, दूसरे राज्य में स्थानांतरण, पात्रता समाप्त होना, गलत जानकारी देकर आवेदन करना, दस्तावेजों में गड़बड़ी, फर्जी आवेदन, आयु और अन्य पात्रता शर्तों में बदलाव शामिल हैं। सरकार का दावा है कि लगातार सत्यापन से योजना में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं को ही इसका लाभ मिलेगा। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण योजना है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च 2024 को की थी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए यानी सालाना 12,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।
योजना के लिए कौन हैं पात्र ?
योजना का लाभ छत्तीसगढ़ की स्थानीय निवासी 21 साल या उससे ज्यादा आयु की विवाहित महिलाओं को मिलता है। इसके अलावा विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने पर इस योजना की हकदार हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना, आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाना और परिवार में उनकी निर्णय लेने की भूमिका को मजबूत करना है। महतारी वंदन योजना में पुरुषों को लाभ मिलने के मामले पर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए थे। इस पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा था कि फीफा वर्ल्ड कप में जैसे अंतिम गोल आत्मघाती गोल होता है, वैसे ही महतारी वंदन के बारे में बोलना कांग्रेस के लिए आत्मघाती गोल होगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार लगातार सत्यापन कर रही है और अपात्र लाभार्थियों को हटाकर योजना को पारदर्शी बनाया जा रहा है। (Mahtari Vandan Yojana Verification)
ऐसे करें महतारी वंदन योजना में अपना नाम चेक
योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं, आवेदन स्वीकृत हुआ है या आपका नाम लाभार्थी सूची में है, इसकी जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकती है।महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं, आवेदन स्वीकृत हुआ है या आपका नाम लाभार्थी सूची में शामिल है, इसकी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए हितग्राही महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in पर जाकर अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज कर आवेदन और भुगतान की स्थिति देख सकते हैं। इसके अलावा योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी, शिकायत या समस्या के समाधान के लिए महिला और बाल विकास विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-4448 पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
- स्टेप-1: महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- स्टेप-2: होम पेज पर “आवेदन/हितग्राही की स्थिति” या “आवेदन की स्थिति” विकल्प पर क्लिक करें।
- स्टेप-3: अपना आधार नंबर या पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- स्टेप-4: कैप्चा भरकर Submit/Search पर क्लिक करें।
- स्टेप-5: स्क्रीन पर आवेदन की स्थिति, लाभार्थी का नाम और भुगतान (DBT) की जानकारी दिखाई देगी।




