Google Analytics —— Meta Pixel

BJP का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: 3 राज्यों के प्रभारी बदले, विनोद तावड़े को UP की कमान

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी विधानसभा चुनावों और भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम की घोषणा के बाद आज मंगलवार को तीन राज्यों के प्रभारियों के नामों का भी ऐलान कर दिया।

राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि सतीश पूनिया को पंजाब और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उत्तर प्रदेश पर विनोद तावड़े की मजबूत पकड़

विनोद तावड़े पिछले कुछ महीनों से उत्तर प्रदेश के सांगठनिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहे हैं। योगी कैबिनेट के हालिया विस्तार के दौरान नामों का पैनल तैयार करने से लेकर पार्टी के सांगठनिक विस्तार में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उत्तर प्रदेश में बीजेपी की रणनीतिक बैठकों में उनकी लगातार मौजूदगी के बाद से ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

2027 और 2029 के चुनावों की तैयारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक स्तर पर किए गए ये बदलाव आगामी 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों और 2029 के आम चुनावों की तैयारियों का हिस्सा हैं। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की 65 सदस्यीय सूची में अकेले उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को जगह दी गई है, जो राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस राज्य पर पार्टी के विशेष ध्यान को दर्शाता है।

यह भी पढ़े :- PM मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस-AAP समेत विपक्ष ने पूछा- कौन हैं दिमागी नक्सल ?

Back to top button
error: Content is protected !!