छत्तीसगढ़ RTE में बड़ा बदलाव: दिसंबर में आवेदन, जनवरी में लॉटरी, फरवरी तक एडमिशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के मुफ्त प्रवेश की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से RTE प्रवेश प्रक्रिया को एक ही चरण में पूरा करने की योजना है। नए शेड्यूल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन दिसंबर 2026 में लिए जाएंगे और फरवरी 2027 तक पूरी प्रवेश प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने सत्र 2027-28 के लिए नई टाइमलाइन तैयार की है। इसका उद्देश्य RTE के तहत प्रवेश प्रक्रिया को समय पर पूरा करना है, ताकि पात्र बच्चों की पढ़ाई शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही सुचारु रूप से हो सके।
1 से 31 दिसंबर तक होंगे आवेदन
नए शेड्यूल के अनुसार RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक लिए जाएंगे। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी होने पर कंप्यूटराइज्ड लॉटरी के माध्यम से पात्र बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
जनवरी में निकलेगी लॉटरी
RTE प्रवेश के लिए 11 और 12 जनवरी 2027 को कंप्यूटराइज्ड लॉटरी आयोजित की जाएगी। लॉटरी के आधार पर बच्चों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर 10 फरवरी 2027 तक एडमिशन समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
पिछले सत्र में दो चरणों में हुआ था प्रवेश
सत्र 2026-27 में RTE प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक लिए गए थे। इसके बाद पहले चरण की कंप्यूटर लॉटरी 13 से 17 अप्रैल 2026 के बीच हुई थी। प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में होने के कारण यह 17 अगस्त 2026 तक चली थी।
अब सत्र 2027-28 से केवल एक चरण में प्रवेश कराने की योजना है। इससे प्रक्रिया करीब छह महीने पहले पूरी होने की उम्मीद है।
दंतेवाड़ा और बीजापुर में बड़ी संख्या में सीटें खाली
पिछले सत्र में प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी बहुल जिलों में RTE सीटों पर अपेक्षाकृत कम प्रवेश हुआ। दंतेवाड़ा में 411 सीटों में से केवल 36 बच्चों को प्रवेश मिला, जबकि 375 सीटें खाली रह गईं।
इसी तरह बीजापुर में 320 सीटों में से 23 बच्चों का ही प्रवेश हुआ, जबकि सुकमा में 312 सीटों में से केवल 21 सीटों पर प्रवेश हो सका। इन जिलों में बड़ी संख्या में RTE सीटें खाली रह गईं।
एक नजर में नया शेड्यूल
- ऑनलाइन आवेदन: 1 से 31 दिसंबर 2026
- कंप्यूटराइज्ड लॉटरी: 11 और 12 जनवरी 2027
- स्कूल आवंटन: लॉटरी के आधार पर
- प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि: 10 फरवरी 2027
- प्रवेश चरण: केवल एक चरण
यह भी पढ़े :- रिटायरमेंट प्लानिंग: आज की समझदारी ही तय करेगी आपका सुरक्षित कल, जानिए क्यों जरूरी है समय रहते तैयारी



