नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, पहाड़ियों से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
गरियाबंद। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया है।
यह भी पढ़े :- Rail Fare Hike 2025: रेल यात्रियों को झटका! 26 दिसंबर से लागू नई किराया दरें, देखें पूरा हिसाब
गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दडईपानी के दुर्गम पहाड़ी इलाके में सीआरपीएफ, ई-30, एसटीएफ, 207 कोबरा बटालियन और 16वीं बटालियन सीएएफ की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का संदिग्ध डंप बरामद किया है।
IED और मोर्टार से हमले की थी तैयारी
खुफिया सूचना के आधार पर 19 दिसंबर को चलाए गए इस विशेष अभियान में सामने आया कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन डीजीएन डिवीजन के नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी विस्फोट और मोर्टार हमले की योजना बना रहे थे।
चट्टानों के भीतर छिपाया था हथियारों का जखीरा
पहाड़ियों की तलहटी में सर्च के दौरान जवानों ने चट्टानों के भीतर छिपाए गए प्लास्टिक ड्रम और स्टील डिब्बों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की, जिसमें शामिल हैं—
- 1 नग भरमार बंदूक
- 1 कंपनी निर्मित मोर्टार
- 22 नग मोर्टार सेल
- 150 नग डेटोनेटर
- 18 नग तीर बम
- IED निर्माण की अन्य सामग्री
बड़ी वारदात से पहले ही नाकाम हुई साजिश
सुरक्षाबलों की सतर्कता से नक्सलियों की यह बड़ी साजिश समय रहते विफल हो गई। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।



