Google Analytics —— Meta Pixel

चुनावी कार्य में लापरवाही पर एक्शन, शराब पीकर ड्यूटी में पहुंचने वाले 4 शिक्षक निलंबित

Manendragarh Collector Action: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट ने चुनावी कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की है। दरअसल, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत लालपुर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चुनाव सामग्री वितरण केंद्र पर शराब के सेवन का मामला सामने आया था, जिसके बाद कलेक्टर राहुल वेंकट ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया। घटना की पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ के सहायक चिकित्सा अधिकारी ने की।

यह भी पढ़ें:- नारायणपुर में 5 दिवसीय माता मावली मेला शुरू, जानिए क्या है खासियत

जांच में यह पाया गया कि अशोक कुमार सिंह, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला, हरकाटनपारा, राकेश कुमार पांडेय, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, भूभका, अभय कुमार कुजूर, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला, चुक्तीपानी और सुनील टोप्पो, शिक्षक, माध्यमिक शाला, बौरीडांड चुनावी ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए गए, जो कि सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 और 23 के पूरी तरह विपरीत है। इसे चुनावी कार्य में घोर लापरवाही, उदासीनता और गंभीर कदाचार माना गया, जिसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत इन चारों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। (Manendragarh Collector Action)

आबकारी विभाग की कार्रवाई

निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर निर्धारित किया गया है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने स्पष्ट किया है कि चुनावी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की ओर से राज्य में अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत आबकारी कोसीर की टीम ने दहिदा गांव में छापेमारी कर 10 लीटर महुआ शराब जब्त की। सहायक आयुक्त आबकारी सोनल नेताम के मार्गदर्शन में आबकारी कोसीर की टीम ने गांव में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें सहस भारती के मकान से 10 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। (Manendragarh Collector Action)

Back to top button
error: Content is protected !!