तेलंगाना में दुष्कर्म के आरोपी ने जमानत पर छूटते ही 6 लोगों की ली जान, पहले की पत्नी-बच्चों की हत्या, फिर रेप पीड़िता और उसके परिवार को मौत के घाट उतारा

Mass Murder in Telangana: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में POCSO एक्ट के तहत जेल में बंद 35 साल के आरोपी राजू कुमार ने जमानत पर छूटकर आने के बाद शुक्रवार देर रात 6 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में उसकी अपनी पत्नी, दो मासूम बेटे, दुष्कर्म पीड़िता, उसकी मां और नानी शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। हालांकि घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। इस वारदात ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था, बल्कि POCSO मामलों में पुलिस कार्रवाई और जमानत प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : खरोरा की अलका सोनी ने एमबीए में 92% अंक हासिल कर बढ़ाया नगर का मान
पुलिस के मुताबिक आरोपी सबसे पहले अपने गांव रायवालागुडा स्थित घर पहुंचा। वहां उसने अपनी 30 साल की पत्नी पावर्ती की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने चार साल और महज 18 महीने के दो मासूम बेटों को भी मौत के घाट उतार दिया। पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह करीब छह किलोमीटर दूर शाबाद थाना क्षेत्र के उस गांव पहुंचा, जहां नाबालिग पीड़िता अपने परिवार के साथ रहती थी। वहां उसने 17 साल की नाबालिग लड़की, उसकी मां और उसकी नानी की भी हत्या कर दी। कुछ ही घंटों में 6 लोगों की हत्या की खबर पूरे इलाके में फैल गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक नाबालिग ने 16 मई को आरोपी राजू कुमार के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।

एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों के भीतर उसे कोर्ट से जमानत मिल गई। इसके बाद से वह लगातार पीड़िता और उसके परिवार को धमकियां देता रहा। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को इसकी जानकारी दी, लेकिन किसी तरह की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के चाचा नरेश ने बताया कि आरोपी पहले से ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोपी ने कहा था कि वह एक-दो हफ्ते के भीतर पूरे परिवार को खत्म कर देगा। चाचा का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपी को पूछताछ या पुलिस रिमांड पर नहीं लिया गया। इसके चलते वह आसानी से बाहर घूमता रहा। उन्होंने बताया कि करीब 20 दिन पहले भी उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और लड़की की हत्या करने की धमकी दे रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। (Mass Murder in Telangana)

पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई: परिजन
परिजन का यह भी आरोप है कि मामला दर्ज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही आरोपी जमानत पर बाहर आ गया था। उसने रिश्वत दी थी और मामला दबा दिया गया। अब उसने लड़की की हत्या कर दी है और यह सब पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है। उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए और आरोपी को हमारे हवाले कर देना चाहिए। परिवार में एक और दिव्यांग लड़की है, पुलिस को उसकी देखभाल करनी चाहिए। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी के परिवार वालों को पता था कि वह कहां रह रहा है, लेकिन पुलिस उसे तलाश नहीं सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। परिवार का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो 6 लोगों की जान नहीं जाती। उन्होंने दोषी पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
राजनीतिक घमासान भी शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए गए। सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद यह मामला राजनीतिक मुद्दा भी बन गया है। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (केटीआर) ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार लगातार आरोपी को खतरनाक बता रहा था। इसके बावजूद सरकारी तंत्र ने कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपी को जमानत मिलने और उसके बाद इतनी बड़ी वारदात होना पूरे सिस्टम की विफलता है। उन्होंने सरकारी वकीलों और राज्य सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की। (Mass Murder in Telangana)
क्या है POCSO एक्ट ?
POCSO यानी Protection of Children from Sexual Offences Act, 2012 बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा देने के लिए बनाया गया विशेष कानून है। यह कानून 18 साल से कम आयु के सभी बच्चों पर लागू होता है। इस कानून के तहत दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, अश्लील वीडियो या फोटो बनाना, दिखाना या प्रसारित करना जैसे अपराध शामिल हैं। मामलों की सुनवाई विशेष POCSO अदालतों में होती है। पीड़ित बच्चे की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है। 2019 में हुए संशोधन के बाद गंभीर मामलों में उम्रकैद से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान किया गया। POCSO के अधिकांश गंभीर अपराध गैर-जमानती होते हैं, हालांकि जमानत देने का अंतिम निर्णय अदालत के अधिकार क्षेत्र में आता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जांच अधिकारी आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रहे हैं। वहीं इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे रंगारेड्डी जिले में दहशत का माहौल है। एक ही रात में छह लोगों की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली और POCSO मामलों में पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के नतीजों पर टिकी हैं।



