BIG NEWS : वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट, मृतकों की संख्या 16 पहुंची
पीएम-राष्ट्रपति व सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
सक्ती (छत्तीसगढ़): जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। इस हादसे की पुष्टि एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने की है। घटना में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर और खरसिया के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
यह भी पढ़े :- मिडिल ईस्ट तनाव के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था रहेगी मजबूत, IMF ने बढ़ाया ग्रोथ का अनुमान
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर प्लांट में नियमित कार्य के दौरान अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुआं फैल गया। हादसे में कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जबकि कुछ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति उनकी हार्दिक संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पीएम मोदी ने किया सहायता राशि का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की हरसंभव मदद कर रहा है।
साय सरकार ने भी किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित और निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




