AAP में बढ़ी अंदरूनी हलचल! राघव चड्ढा की Z+ सुरक्षा वापस, सियासी अटकलें तेज
नई दिल्ली/चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की Z+ श्रेणी की सुरक्षा पंजाब सरकार द्वारा वापस लिए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, अब उनकी सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार स्तर पर नई व्यवस्था किए जाने की बात कही जा रही है।
यह पढ़े :- BIG NEWS : वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट, मृतकों की संख्या 16 पहुंची
सूत्रों के अनुसार, पंजाब से राज्यसभा सांसद चड्ढा को राज्य सरकार की ओर से Z+ सुरक्षा दी गई थी, जिसे पिछले सप्ताह वापस ले लिया गया। फिलहाल, केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था की औपचारिक पुष्टि होने तक उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई है।
इस घटनाक्रम के साथ ही पार्टी के भीतर मतभेद की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हाल ही में AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप-नेता के पद से हटा दिया था। इस फैसले के बाद चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें “खामोश किया गया है, हराया नहीं।”
पार्टी के कुछ नेताओं ने उन पर संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दों को मजबूती से न उठाने और केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख न अपनाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, चड्ढा ने इन आरोपों का सार्वजनिक रूप से खंडन किया है।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब पार्टी के भीतर अन्य मामलों को लेकर भी हलचल बनी हुई है। हाल ही में AAP सांसद अशोक मित्तल के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी भी चर्चा में रही है।
“आवाज उठाई, कीमत चुकाई”
पद से हटाए जाने और सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसका शीर्षक “आवाज उठाई, कीमत चुकाई” रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें खामोश करने की कोशिश की गई है, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं और संसद में जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे।
फिलहाल, पंजाब पुलिस या केंद्रीय एजेंसियों की ओर से सुरक्षा हटाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



