मिडिल ईस्ट में सुलगती जंग और फ्लाईदुबई विमान हाईजैकिंग की साजिश, क्या ईरान पर बड़े सैन्य हमले की तैयारी में है ट्रंप ?
Middle East Tensions: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब अपने चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए सैन्य प्लान-9K के तहत पश्चिम एशिया की ओर अमेरिकी सैनिकों और युद्धपोतों का भारी काफिला रवाना हो चुका है। दूसरी ओर हाल ही में टली फ्लाईदुबई की फ्लाइट हाईजैकिंग की कोशिश और ओमानी को-पायलट के संदिग्ध इस्लामिक कट्टरपंथी कनेक्शन ने इस सुलगती आग में घी का काम किया है। अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन से ठीक पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक नया सैन्य प्लान तेजी से चर्चा में है, जिसे ‘प्लान-9000’ या ‘प्लान-9K’ कहा जा रहा है। अमेरिका के 9,000 से ज्यादा सैनिक पश्चिम एशिया की तरफ रवाना हो चुके हैं। इस बेड़े में 7,000 से ज्यादा नौसैनिक और मरीन कॉर्प्स के 2,000 सैनिक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बदल रही दुनिया, लेकिन बढ़ते इस्तेमाल ने बढ़ाई चिंता, AI इंसानों के लिए सुरक्षित कितना ?
इस ग्रुप में ताकतवर विमानवाहक पोत USS थियोडोर रूजवेल्ट, USS चोसिन क्रूजर, और USS मेकिन आइलैंड एम्फीबियस रेडीनेस ग्रुप साथ ही USS जॉन पी. मुरथा और USS एंकोरेज लैंडिंग शिप शामिल हैं। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के अनुसार अक्टूबर के अंत तक इस इलाके में अमेरिका के तीन विमानवाहक पोत तैनात हो सकते हैं। हाल ही में एक बयान में ट्रंप ने इशारा किया था कि ईरान युद्ध को जल्द खत्म किया जा सकता है। संभवतः मिडटर्म चुनाव के बाद कभी भी। एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि 3 नवंबर को होने वाले चुनावों से पहले या तुरंत बाद अमेरिका ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है। ईरान और उसकी सेना ने साफ कर दिया है कि अगर कोई हमला हुआ तो पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों को तबाह कर दिया जाएगा। साथ ही ईरान ने सामरिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर भारी हथियार और सेना तैनात कर दी है। (Middle East Tensions)
फ्लाईदुबई फ्लाइट हाईजैकिंग की कोशिश
दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आसमान में उड़ते विमान में अचानक ओमानी मूल के को-पायलट ने कैप्टन पर जानलेवा हमला कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ओमानी पायलट इस्लामिक कट्टरपंथी सोच से प्रभावित था। उड़ान भरने से पहले उसने फ्लाइट के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार से हाथ मिलाया था, लेकिन अपने मन में बदले की भावना रखकर वह कॉकपिट में घुसा और प्लेन को हाईजैक करने की कोशिश की। हाथापाई के दौरान आरोपी पायलट ने फायर एक्सटिंग्विशर में लगी कुल्हाड़ी से कैप्टन स्मित मच्छार पर वार किए, ताकि विमान पर कब्जा किया जा सके।बुरी तरह जख्मी होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और विमान का कंट्रोल उस ओमानी पायलट के हाथ में जाने से रोक लिया। उनकी सूझबूझ के कारण फ्लाइट में सवार सभी 180 यात्रियों की जान बच गई।
तेल अवीव में 9/11 जैसी साजिश और इजरायल का कड़ा रुख
वर्तमान में कैप्टन मच्छार को दुबई एयरलिफ्ट किया गया है, जहां यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने कंफर्म किया है कि उनकी हालत अब बेहतर है। इजरायली एजेंसियों की गिरफ्त में आए ओमानी पायलट से लगातार सख्ती से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने इजरायल और अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। इजरायली सेना ने साफ किया कि अगर पायलट विमान को हाईजैक कर तेल अवीव में किसी बड़े हमले जैसे 9/11 जैसी घटना को अंजाम देने में कामयाब हो जाता तो इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स और विशेष कमांडो यूनिट ‘शालदाग’ उसे हवा में ही मार गिराने के लिए पूरी तरह तैयार थी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दो टूक कहा है कि ओमानी पायलट किसकी साजिश के तहत काम कर रहा था और उसका असली मास्टरमाइंड कौन है, इसका पर्दाफाश जल्द कर दिया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा है कि खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इस ओमानी पायलट का सीधा संबंध ईरान या उसके संगठनों से था। मिडिल ईस्ट में गर्माते हालात और आसमान में मंडरा रहे खतरों ने माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। एक तरफ ट्रंप का फौज और जहाजों का बेड़ा आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ विमान हाईजैकिंग की इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि इस इलाके में सुरक्षा को लेकर जरा सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। मिडिल ईस्ट में सुलगती जंग और विमान हाईजैकिंग की साजिश के बीच अब देखना यह है कि दुनिया की महाशक्तियां इस तनाव से कैसे निपटती हैं। (Middle East Tensions)



