आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बदल रही दुनिया, लेकिन बढ़ते इस्तेमाल ने बढ़ाई चिंता, AI इंसानों के लिए सुरक्षित कितना ?

AI Threats And Challenges: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आज तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है। पढ़ाई, नौकरी, कारोबार, स्वास्थ्य, कंटेंट क्रिएशन से लेकर सुरक्षा और युद्ध जैसे संवेदनशील क्षेत्रों तक AI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। तकनीक जहां कई कामों को आसान और तेज बना रही है, वहीं इसके संभावित खतरों को लेकर दुनिया के बड़े टेक एक्सपर्ट्स और कंपनियों के प्रमुख भी चिंता जता चुके हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स AI के संभावित गलत इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दे चुके हैं। उनका कहना है कि AI बेहद शक्तिशाली तकनीक है और अगर इसका गलत इस्तेमाल हुआ तो इसका असर बड़े पैमाने पर हो सकता है। उन्होंने कहा कि AI इतना शक्तिशाली है कि गलत हाथों में जाकर 100 करोड़ से ज्यादा मौतों की वजह बन सकता है।
यह भी पढ़ें:- नाखूनों में छिपा था हत्यारों का राज! दो साल पुराने केस में DNA ने खोली पूरी कहानी
वहीं एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई भी AI से जुड़े जोखिमों को गंभीर बता चुके हैं। उनका कहना है कि AI के विकास के साथ इससे जुड़े खतरों से निपटने के लिए कंपनियों और सरकारों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि AI के विकास पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन इससे जुड़े जोखिम गंभीर हैं, जिससे निपटने के लिए कंपनियों और सरकारों को समय देना चाहिए। OpenAI के CEO सैम ऑल्टमन भी AI के भविष्य में ज्यादा स्वायत्त यानी ऑटोनॉमस होने को लेकर चिंता जता चुके हैं। उनका कहना है कि अगर AI बहुत तेजी से आगे बढ़ता है तो इंसानों के लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि उसके भीतर क्या हो रहा है और जरूरत पड़ने पर उस पर दखल देना भी चुनौती बन सकता है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि भविष्य में हमारा कंट्रोल AI के हाथ में चला जाए, जिससे खतरा यह है कि ये इतनी तेजी से आगे बढ़ेगा कि लोग यह समझ ही नहीं पाएंगे कि क्या हो रहा है या जरूरत पड़ने पर दखल नहीं दे पाएंगे।
AI का बढ़ता दायरा, बढ़ती चिंता
AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ इसके सामाजिक और व्यक्तिगत प्रभावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों और आम लोगों के बीच चिंता है कि AI पर अत्यधिक निर्भरता से इंसानों की क्रिटिकल थिंकिंग और खुद निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा रोजगार, गलत जानकारी और प्राइवेसी जैसे मुद्दे भी सामने हैं। AI के संभावित खतरों में नियंत्रण खोने का जोखिम, धोखाधड़ी और स्कैमिंग, गलत इस्तेमाल, सुरक्षा संबंधी खतरे, नौकरियों पर असर, निगरानी की कमी, डीपफेक और फर्जी खबरें प्रमुख हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि खतरा AI के ज्यादा ताकतवर होने से है या फिर उसके गलत इस्तेमाल से? अगर AI का इस्तेमाल गलत हाथों में जाता है तो इसका असर कितना बड़ा हो सकता है? क्या AI की रफ्तार के साथ उसके लिए जरूरी नियम और सुरक्षा व्यवस्था भी विकसित हो रही है? AI अब सिर्फ चैटबॉट या तस्वीरें बनाने तक सीमित नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार, सुरक्षा और सैन्य क्षेत्र में इसका बढ़ता इस्तेमाल इसे और संवेदनशील बना रहा है। (AI Threats And Challenges)
AI के बारे में लोगों ने क्या कहा ?
AI के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर लोगों की राय भी सामने आई है। कई लोगों का मानना है कि AI ने जिंदगी को आसान बनाया है और काम को तेज किया है, लेकिन इसके साथ कुछ नुकसान भी हैं। रोजगार पर असर, गलत जानकारी का प्रसार और निजी जानकारी की सुरक्षा जैसे खतरे चिंता का विषय हैं। लोगों का कहना है कि AI का इस्तेमाल सोच-समझकर और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। यानी AI खुद में एक ताकतवर तकनीक है, लेकिन उसका फायदा या नुकसान काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि इंसान उसका इस्तेमाल किस तरह करते हैं। यानी AI को लेकर बहस अब सिर्फ तकनीक के फायदे तक सीमित नहीं है। सवाल यह भी है कि AI कितना आगे जाएगा, इंसानों का उस पर कितना नियंत्रण रहेगा और उसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए दुनिया कितनी तैयार है। यही वजह है कि AI के विकास के साथ उसके लिए सुरक्षा, जवाबदेही और स्पष्ट नियमों की जरूरत पर भी चर्चा तेज हो रही है। (AI Threats And Challenges)




